महंगाई और फीस को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- ‘आम आदमी के लिए करते रहेंगे संघर्ष’

NOIDA BREAKING: महंगाई और फीस को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- ‘आम आदमी के लिए करते रहेंगे संघर्ष’

महंगाई और फीस को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- ‘आम आदमी के लिए करते रहेंगे संघर्ष’

Tricity Today | प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज जनपद के यूथ कांग्रेस और नोएडा महानगर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर और हाल ही में कांग्रेस में आए अनिल यादव की अगुवाई में प्रदर्शन मार्च निकाला। उन्होंने बढ़ती शतक मार चुकी ईंधन की कीमतों और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही नोएडा में निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोत्तरी के मुद्दे पर राज्य सरकार पर हमला बोला। हाथों में पोस्टर-बैनर लिए सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने नोएडा के सेक्टर-18 से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक मार्च के जरिए विरोध जताया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। 

पोस्टर-बैनर लेकर किया प्रदर्शन
सुरक्षा-व्यवस्था को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। एहतियात बरतते हुए एंबुलेंस को स्टैंडबॉई पर रखा गया था। प्रदर्शन आज सुबह शुरू हुआ। तय समय पर भारी संख्या में गौतमबुध नगर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर की अगुवाई में सेक्टर-18 में जमा हुए। धीरे-धीरे नोएडा महानगर के पार्टी कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में हिस्सा लेने वहां पहुंचे। थोड़ी देर में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए। उनके हाथों में पोस्टर-बैनर थे। इसमें पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें वापस लो वापस लो, स्कूलों की बढ़ी हुई फीस वापस लो वापस लो, आम आदमी की कमर तोड़ना बंद करो बंद करो, बहुत हुई महंगाई की मार-अब नहीं चाहिए भाजपा सरकार, प्रदेश के युवा कर रहे पुकार-इस बार कांग्रेस की सरकार जैसे पोस्टर थे। 
ईंधन की कीमतें आसमान छू रहीं
कार्यकर्ताओं ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत में यूथ कांग्रेस के गौतमबुद्ध नगर अध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर ने कहा, केंद्र की मोदी और भाजपा की राज्य सरकारों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। ईंधन की कीमतें 100 के पार चली गई हैं। इस वजह से खाद्य सामग्री भी महंगे होते जा रहे हैं। लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट है। बावजूद इसके केंद्र सरकार देश में ईंधन की कीमतों में लगातार आग लगा रही है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इसका विरोध करती है। हम आम आदमी के हितों के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। 

फीस बढ़ोत्तरी के मामले में फेल है सरकार
उन्होंने आगे कहा, गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता आम लोगों की जरूरतों के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने नोएडा में निजी स्कूलों के द्वारा लगातार फीस बढ़ोतरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से लोग परेशान हैं। नौकरियां छूट रही हैं, आय के रास्ते बंद हो रहे हैं। उद्योग-धंधों पर महामारी की मार खूब पड़ी है। बावजूद इसके महंगाई बढ़ती जा रही है। गौतमबुद्ध नगर के स्कूल फीस बढ़ा रहे हैं। अभिभावकों से जबरन वसूली की जा रही है। इस मुद्दे पर भी राज्य सरकार फेल है। आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेंगी। निरंकुश और अत्याचारी शासन को जनता सबक सिखाएगी। विरोध-प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की-फुल्की खींचातानी हुई।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.