आज़म खान को रिहा करवाने के लिए सपा का हल्ला बोल, योगी के खिलाफ प्रदर्शन

नोएडा : आज़म खान को रिहा करवाने के लिए सपा का हल्ला बोल, योगी के खिलाफ प्रदर्शन

आज़म खान को रिहा करवाने के लिए सपा का हल्ला बोल, योगी के खिलाफ प्रदर्शन

Tricity Today | प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता

Noida News : नोएडा में समाजवादी पार्टी ने बुधवार की दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को रिहा करने की मांग की है। आजम खान के खिलाफ 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल पोस्ट कोविड बीमारियों से जूझ रहे हैं। सरकार उनका अस्पताल में इलाज करवा रही है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि आजम खान और उनके बेटे को सरकार रिहा करे। इसी मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा है।

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजनीतिक विद्वेष के चलते आजम खान पर जुल्म कर रहे हैं। उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को प्रताड़ित किया जा रहा है। लंबे अरसे से आजम खान को जेल में बंद रखा गया है। वह कोरोना से संक्रमित हो गए, इसके बावजूद उन्हें जमानत नहीं दी गई। अस्पताल में भी उनका इलाज सही ढंग से नहीं किया जा रहा है। जिसकी वजह से आजम खान की जान को खतरा है। आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रिहा किया जाए।" यह मांग करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा है।


इससे पहले समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। इन लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं किया गया। नेता एक-दूसरे से आगे रहने के लिए धक्का-मुक्की करते नजर आए। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपने के बाद इन लोगों ने कहा, "अगर जल्दी ही आजम खान को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन और व्यापक रूप से किया जाएगा।"

आपको बता दें कि आजम खान को जेल में कोरोनावायरस का संक्रमण हो गया था। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। करीब 2 महीनों से आजम खान का इलाज चल रहा है। वह कोरोनावायरस के संक्रमण से तो मुक्त हो गए लेकिन उसके बाद तमाम तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं। दूसरी ओर डॉक्टरों का कहना है कि आजम खान की स्थिति नियंत्रण में है। उनकी जान को खतरा नहीं है। डॉक्टरों की सलाह पर आजम खान को जेल वापस भेज दिया गया था। उनकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ी और वापस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.