दो घर जन्मीं सीता और तीन में राम, परिवार की ख़ुशी में लगे चार चांद

नोएडा में गूंजी रामलला की किलकारियां : दो घर जन्मीं सीता और तीन में राम, परिवार की ख़ुशी में लगे चार चांद

दो घर जन्मीं सीता और तीन में राम, परिवार की ख़ुशी में लगे चार चांद

Tricity Today | Bhangel CHC

Noida News : पूरा देश अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में मग्न है। आज रामलला अयोध्या में विराजमान हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर योगी आदित्यनाथ भव्य आयोजन में शामिल हुए। दूसरी तरफ, रामलाल के जन्मभूमि पर  विराजमान होने वाले दिन कुछ ऐसे परिवार हैं,  जो आज ही अपने बच्चों को जन्म देना चाहते हैं। नोएडा के भंगेल स्थित सीएचसी में पांच बच्चों ने जन्म लिया। दो नॉर्मल डिलीवरी से और तीन ऑपरेशन से पैदा हुए हैं। इनमें तीन लड़के पैदा हुए हैं वहीं दो बेटियां पैदा हुई हैं। इन नवजातों के आने से पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। 

पूरी दुनिया मना रही जश्न 
22 जनवरी को महादीपावली के तौर पर पूरे देश ही नहीं, विदेश में भी मनाया जा रहा है। इस खुशी के मौके पर बच्चा पैदा होने की खुशी डबल हो गई है। आपको बता दें कि अस्पताल में पहुंचने वाले परिजनों की मांग थी कि आज ही उनका बच्चा पैदा हो।

सीएचसी में किलकारियां 
भंगेल सीएचसी की डॉ. मीरा पाठक ने बताया कि आज उनके ओपीडी में पांच मासूमों ने जन्म लिया है। तीन राम और दो सीता, जिन्हें देखकर मानो प्रतीत हो रहा हो कि ये साक्षात भगवान का रूप हैं। वह कहती हैं कि बच्चे भगवान का रूप होते हैं।  आज के दिन इसका साक्षी बनना उनके लिए बेहद ही गर्व की बात है। डॉ. मीरा पाठक ने बताया कि यहां पर पांच बच्चों ने जन्म लिया है।  उनमें से दो नॉर्मल डिलीवरी और तीन सिजेरियन पैदा हुए हैं। 

नार्मल डिलीवरी से पैदा हुए राम-सीता  
सबसे पहले आज अस्पताल में सलारपुर के रहने वाले आदित्य की पत्नी पूनम देवी ने बेटी को जन्म दिया। बेटी के पैदा होने पर परिवार बहुत ज्यादा खुश है। रामलाल की  प्राण प्रतिष्ठा पर उन्हें बेटी का तोहफा मिला है। नया गांव के रहने वाले जैनुल बशर की पत्नी नुरिशा खातून ने एक बेटे को जन्म दिया है। 

तीन बच्चों में करना पड़ा ऑपरेशन 
तीसरा बच्चा सलारपुर के रहने वाले करण दुबे की पत्नी आरती को हुआ है। करण दुबे कहते हैं कि बेटी को गोद में लेने पर उन्हें मानो ऐसा महसूस हो जैसे उन्होंने भगवान के एक रूप को ही गोद में लिया है। आज का दिन पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। उसके बाद बिसरख के रहने वाले रोहित की पत्नी वर्षा ने एक बेटे को जन्म दिया है। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन बेटे का जन्म होने पर वे  अपने बच्चों का नाम राम के नाम पर रखना चाहते हैं। उनके लिए इससे बड़ी खुशी का पल कुछ और नहीं है। अयोध्या में जहां राम भगवान की स्थापना हुई है तो वहीं  उनका बेटा उनके घर खुशियां लेकर आया है। पांचवा बच्चा सलारपुर के रहने वाले आयुष की पत्नी ममता शर्मा का है। बच्चा ऑपरेशन से पैदा हुआ है। उनकी इच्छा थी कि उनका बच्चा आज ही के दिन पैदा हो। इसके साथ ही परिजनों ने गयनेकोलॉजिस्ट और डॉक्टरों का धन्यवाद भी किया। 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.