गौतमबुद्ध नगर में फिर शुरू हुआ ऑनस्पॉट वैक्सीनेशन, मगर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

बड़ी खबरः गौतमबुद्ध नगर में फिर शुरू हुआ ऑनस्पॉट वैक्सीनेशन, मगर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

गौतमबुद्ध नगर में फिर शुरू हुआ ऑनस्पॉट वैक्सीनेशन, मगर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

Google Image | फिर शुरू हुआ ऑनस्पॉट वैक्सीनेशन

  • रविवार को जनपद में 30,000 कोविशील्ड और 15000 को-वैक्सीन की डोज उपलब्ध थी
  • सभी सरकारी केंद्रों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक टीकाकरण अभियान चलेगा
  • इसके तहत करीब 5000 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जाएगी
गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस वैक्सीन से जुड़ी बड़ी खबर है। प्रशासन को शासन से 25000 वैक्सीन की डोज और मिल गई है। इसके बाद आज से फिर ऑनस्पॉट टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। हालांकि बिना स्लॉट बुकिंग के टीकाकरण कराने पहुंचे सीमित लोगों को ही खुराक दी जाएगी। हर अस्पताल में ऐसे लाभार्थियों की संख्या निर्धारित रखी जाएगी। उससे ज्यादा लोगों को वैक्सीन नहीं मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे टीकाकरण की रफ्तार को बल मिलेगा। एक गति से वैक्सीनेशन अभियान चलता रहेगा। 

45 हजार डोज मिली
दरअसल गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने 1 जुलाई से टीकाकरण महाअभियान चलाने की घोषणा की थी। लेकिन पिछले हफ्ते वैक्सीन की किल्लत से सारा समीकरण बिगड़ गया। जिले में टीकाकरण की रफ्तार आधी से भी कम रह गई। पहले 80 केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा था। लेकिन किल्लत के बाद इन्हें घटा कर 38 कर दिया गया। मगर राहत की बात यह है कि जिला प्रशासन को कोविशील्ड वैक्सीन की 25000 डोज मिल गई है। अब जिला स्वास्थ्य विभाग के पास 45 हजार डोज का स्टॉक है। टीकाकरण अभियान शुरू करने के लिए यह संख्या पर्याप्त है। 


बिना स्लॉट बुकिंग के कम लोगों को मिलेगा टीका
वैक्सीन का स्टॉक मिलने के साथ ही प्रशासन ने ऑनस्पॉट टीकाकरण की व्यवस्था भी शुरू कर दी है। जबकि टीके की कमी की वजह से 29-30 जून को जनपद में सरकारी केंद्रों पर वैक्सीनेशन बंद रखा गया था। रविवार को जनपद में 30,000 कोविशील्ड और 15000 को-वैक्सीन की डोज उपलब्ध थी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नीरज त्यागी ने बताया कि वैक्सीन को स्वास्थ्य विभाग की कोल्ड चेन में स्टोर किया गया है। आज सभी सरकारी केंद्रों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक टीकाकरण अभियान चलेगा। जो लोग पहले स्लॉट बुक कर चुके हैं, उन्हें खुराक मिल जाएगी। 

इस आधार पर तय होगी क्षमता
हालांकि जिन लोगों को स्लॉट बुक करने में समस्या आ रही है, वह ऑनस्पॉट सरकारी केंद्रों पर टिका लगवा सकते हैं। लेकिन बिना स्लॉट बुक के टीकाकरण के लिए हर केंद्र पर एक निर्धारित संख्या रखी गई है। उससे ज्यादा लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस संख्या को तय करने में वैक्सीन का स्टॉक और अस्पताल में टीकाकरण कराने आने वाले लोगों की संख्या को आधार बनाया गया है। निवासी इस बारे में केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों से भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। बताते चलें कि जून के आखिरी हफ्ते के अलावा बाकी महीने रोजाना सरकारी अस्पतालों में औसतन 15-20 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था। 

जेवर-दादरी में फिर शुरू हुआ अभियान
किल्लत की वजह से यह रफ्तार सुस्त पड़ गई। टीके का स्टॉक उपलब्ध होने के बाद आज दादरी और जेवर में नियर टू होम अभियान भी चलाया जा रहा है। मिशन के पहले दिन आज सिर्फ दो ब्लॉक में अभियान चलेगा। इसके तहत करीब 5000 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जाएगी। शासन से और डोज मिलने के बाद अभियान को अन्य केंद्रों पर भी शुरू किया जा सकता है। ताकि ग्रामीणांचल में टीकाकरण की रफ्तार को बल दिया जा सके।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.