फ्लैट की बालकनी गिरने से तीन बच्चे हुए घायल, गरीबों के लिए बनाए घर का ढांचा हुआ कमजोर

नोएडा में बड़ा हादसा : फ्लैट की बालकनी गिरने से तीन बच्चे हुए घायल, गरीबों के लिए बनाए घर का ढांचा हुआ कमजोर

फ्लैट की बालकनी गिरने से तीन बच्चे हुए घायल, गरीबों के लिए बनाए घर का ढांचा हुआ कमजोर

Tricity Today | घटनास्थल का फाइल फोटो

Noida News : नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 122 में ईडब्ल्यूएस/श्रमिक कुंज के तहत करीब 11 साल पहले बनाए गए फ्लैटों का ढांचा कमजोर हो गया है। यहां एक फ्लैट की बालकनी गिरने से तीन बच्चे घायल हो गए। इस हादसे से दूसरे फ्लैटों में रहने वाले लोग चिंतित हो गए हैं। यह हादसा जिस बिल्डिंग में हुआ, उस ब्लॉक में कोई नहीं रहता था। इस बिल्डिंग के नीचे बच्चे खेल रहे थे। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

3472 फ्लैट बनाने में खर्च हुए थे 40 करोड़ रुपये 
नोएडा प्राधिकरण ने ईडब्ल्यूएस/श्रमिक कुंज आवास योजना के तहत सेक्टर 122 में 3472 फ्लैट बनाए थे। इन्हें बनाने में करीब 40 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इनमें करीब 1700 परिवार रहते हैं। बुधवार को इस कॉम्प्लेक्स के 10 ब्लॉक की सबसे ऊपर की बालकनी गिर गई। इसके नीचे कुछ बच्चे खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि बालकनी गिरने से नीचे खेल रहे तीन बच्चे घायल हो गए। बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। ये फ्लैट सेक्टर 4, 5, 6 आदि में स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को दिए जा रहे हैं। यहां अभी करीब 1700 फ्लैटों में लोग रह रहे हैं। 

10 दिन पहले भी गिरा था फ्लैट का छज्जा 
नोएडा मलिन बस्ती सेवा उत्थान समिति के अध्यक्ष उदय सिंह ने बताया कि बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। जिस ब्लॉक में यह घटना हुई, वहां प्राधिकरण ने अभी तक फ्लैट आवंटित नहीं किए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी एक फ्लैट का छज्जा गिर गया था। इस हादसे के बाद से अभी तक प्राधिकरण की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.