क्या है डॉ.महेश शर्मा और अवतार सिंह भड़ाना की मुलाकात का सच, खुद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी

वायरल फोटो :  क्या है डॉ.महेश शर्मा और अवतार सिंह भड़ाना की मुलाकात का सच, खुद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी

क्या है डॉ.महेश शर्मा और अवतार सिंह भड़ाना की मुलाकात का सच, खुद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी

Tricity Today | वायरल फोटो

Noida : गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा (Dr. Mahesh Sharma MP) के साथ अवतार सिंह भड़ाना (Avatar Singh Bhadana) की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है। जिसके साथ अवतार सिंह भड़ाना के समर्थक दावा कर रहे हैं कि डॉ.महेश शर्मा ने उन्हें समर्थन दिया है। डॉ.महेश शर्मा और अवतार सिंह भड़ाना के बेहद निकट ताल्लुकात हैं। सोशल मीडिया पर यहां तक लिखा जा रहा है कि डॉ.महेश शर्मा के कहने पर ही अवतार सिंह भड़ाना को जेवर से समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन ने टिकट दिया है। इन सारी अफवाहों पर विराम लगाते हुए सांसद महेश शर्मा ने इस फोटो की हकीकत उजागर की है। महेश शर्मा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर यह फोटो शेयर करते हुए पूरा ब्यौरा साझा किया है।

चार साल पुराना है मुलाकात का यह फोटो
महेश शर्मा ने लिखा है, "श्री अवतार सिंह भड़ाना के साथ मेरे कार्यालय की 4 साल पुरानी (12 जनवरी 2018) की फोटो है, जब वह भाजपा के मीरापुर (मुजफ्फरनगर) से विधायक थे, सोशल मीडिया पर डालकर कुछ लोग जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले 4 वर्ष से मैं न उनसे मिला हूँ और ना ही फोन पर कोई बात हुई है।" डॉ.महेश शर्मा ने शुक्रवार की देर शाम करीब 6 बजे फेसबुक पर पोस्ट की है। उन्होंने इस मुलाकात का पूरा ब्यौरा बताया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर यह पुराना फोटो साझा करके मौजूदा चुनावी सरगर्मियों को बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। महेश शर्मा ने सारी अफवाहों और कयासों को विराम लगा दिया है।

ऐसे लोगों ने सांसद और विधायक के रिश्ते तल्ख बनाए
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के रिश्तों की तल्खी उजागर है। जिसका गैर मुनासिब इस्तेमाल दोनों नेताओं के विरोधी करते रहते हैं। जो लोग धीरेंद्र सिंह या डॉक्टर महेश शर्मा को पसंद नहीं करते वह दोनों के रिश्ते को और ज्यादा खराब करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। ऐसे कई युवक सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, जो पहले सांसद डॉ.महेश शर्मा के खिलाफ सार्वजनिक रूप से धरने, प्रदर्शन और नारेबाजी कर चुके हैं।  अब अपने हितों को साधने के लिए डॉक्टर महेश शर्मा के समर्थक बनकर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर माहौल खराब कर रहे हैं।

महेश शर्मा की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश
भारतीय जनता पार्टी में राजनीतिक समीकरणों पर नजर रखने वाले लोगों का कहना है कि जब डॉक्टर महेश शर्मा का चुनाव आता है तो यह असामाजिक तत्व उनके खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। जिसके लिए धीरेंद्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया जाता है। अब जब विधानसभा का चुनाव है तो धीरेंद्र सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर बवाल किया जा रहा है। जिसके लिए सांसद को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कुल मिलाकर अपने निजी हित साधने के लिए ऐसे लोग कभी धीरेंद्र सिंह तो कभी डॉ.महेश शर्मा के दरबार में खड़े नजर आते हैं। यह बात दोनों नेताओं को समझनी चाहिए। रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। अब धीरेंद्र सिंह को परेशान करने के लिए डॉ.महेश शर्मा और अवतार सिंह भड़ाना की पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है। यह धीरेंद्र सिंह के इलेक्शन कैंपेन और डॉक्टर महेश शर्मा की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.