बोले- नीति दिखी, नीयत दिखी, नतीजा दिख ही जाएगा

सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ के साथ मीटिंग में जीता दिल : बोले- नीति दिखी, नीयत दिखी, नतीजा दिख ही जाएगा

बोले- नीति दिखी, नीयत दिखी, नतीजा दिख ही जाएगा

Tricity Today | सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ के साथ मीटिंग में जीता दिल

Mumbai/Noida : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) नोएडा फिल्म सिटी और राज्य की नई फिल्म नीति पर चर्चा करने के लिए एक बार फिर मुंबई दौरे पर पहुंचे। गुरुवार को तमाम बॉलीवुड हस्तियों के साथ मुख्यमंत्री ने बैठक की। इस दौरान सुनील शेट्टी की साफगोई ने लोगों के दिल जीत लिए। अब शुक्रवार को सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठक के कुछ फोटो ट्वीट किए हैं। जिसमें उन्होंने लिखा, "नीति दिखी, नीयत दिखी, नतीजा दिख ही जाएगा। आप मुंबई आए, हमारी बात सुनी, आपका दिल से धन्यवाद। यूपी फिल्म सिटी से आगे फिल्म स्टेट बने यही हमारी प्रार्थना है।"

सुनील शेट्टी ने कहा- बॉलीवुड पर लगा स्टिग्मा हटाने में मदद करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मीटिंग के दौरान सुनील शेट्टी ने कहा, "ट्विटर और तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जब बॉलीवुड के खिलाफ कैंपेन चलते हैं तो सभी को नुकसान होता है। बॉलीवुड ने हिंदी फिल्मों के विकास के लिए बहुत बड़ा काम किया है। बॉलीवुड के एक्टर और एक्ट्रेस की कुछ ऐसी छवि बना दी गई है कि जैसे सभी लोग हर वक्त ड्रग्स लेते हैं। हर वक्त केवल बुरे काम करते हैं। यह सच नहीं है।" सुनील शेट्टी ने आगे कहा, "90% से ज्यादा फिल्मी कलाकार बहुत अच्छे हैं। सभी सोसाइटी, फिल्म इंडस्ट्री और हिंदी भाषा के लिए काम कर रहे हैं। हम लोगों को हिंदी हार्टलैंड की बदौलत यह कामयाबी मिलती है। जब उत्तर प्रदेश और आसपास की हिंदी पट्टी में फिल्म हिट होती हैं, तभी उसकी कीमत वापस मिलती है।"

योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात पर किया ट्वीट
सुनील शेट्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि बॉलीवुड पर लगे इस स्टिग्मा को हटाने में मदद करें। आपकी बात पूरे देश में सुनी जाती है। करोड़ों लोग आपकी बात मानते हैं। सुनील शेट्टी ने यह भी कहा, "मैं स्टिग्मा कहने में कोई हिचक नहीं रखता हूं।" उन्होंने मुंबई आकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से बात करने की योगी आदित्यनाथ की पहल की खुलकर सराहना की। सुनील शेट्टी ने शुक्रवार की दोपहर योगी आदित्यनाथ के साथ हुई अपनी मुलाकात पर एक ट्वीट किया है। जिसमें सुनील शेट्टी ने लिखा है, "नीति दिखी, नीयत दिखी , नतीजा दिख ही जाएगा। आप मुंबई आए, हमारी बात सुनी, आपका दिल से धन्यवाद है। यूपी फिल्म सिटी से आगे फिल्म स्टेट बने यही हमारी प्रार्थना है।"

क्लीन इमेज और स्टेट फॉरवर्ड ओपिनियन के लिए जाने जाते हैं अन्ना
बॉलीवुड फिल्मों के अलावा फिटनेस इंडस्ट्री में शानदार काम करने वाले सुनील शेट्टी अपनी साफ छवि, काम के प्रति ईमानदारी और साफगोई के लिए खासे जाने जाते हैं। सुनील शेट्टी अपने समर्थकों और इंडस्ट्री में अन्ना के नाम से मशहूर हैं। योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठक के दौरान सुनील शेट्टी के बयानात पूरे देश में सकारात्मक चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। देशभर के लोग ट्विटर पर उनका वीडियो शेयर कर रहे हैं और उनके बयान को फिल्म इंडस्ट्री के लिए फायदेमंद बता रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.