उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) जल्दी ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा का दौरा करने आ रहे हैं। जानकारी मिल रही है कि अगले एक-दो दिन में उनका कार्यक्रम जारी हो जाएगा। मुख्यमंत्री कोरोनावायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए चल रहे अभियान की समीक्षा करेंगे। दूसरी लहर के दौरान गौतमबुद्ध नगर को भी इस महामारी ने बुरी तरह चपेट में लिया है। जानकारी के मुताबिक शासन की ओर से गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन को संकेत दे दिए गए हैं। इससे जिले के प्रशासनिक अमले में छुट्टी आ गई है।
कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण पैदा हुई महामारी के हल्का पड़ते ही मुख्यमंत्री ने राज्य में जिलों का भ्रमण शुरू कर दिया है। पिछले 2 दिनों से मुख्यमंत्री भ्रमण पर हैं। गुरुवार को मथुरा और अलीगढ़ जिलों का दौरा योगी आदित्यनाथ करेंगे। शासन से जानकारी मिली है कि इस सप्ताह के आखिर में या अगले सप्ताह की शुरुआत में मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर आएंगे। उसी दिन गाजियाबाद का भी दौरा करेंगे। दोनों जिलों में मुख्यमंत्री कोरोनावायरस के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा करेंगे। पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक होंगी। इस बार मुख्यमंत्री जन प्रतिनिधियों से भी प्रशासनिक अधिकारियों के बारे में फीडबैक ले रहे हैं।