वजह पता लगाने में जुटी पुलिस

नोएडा के गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर युवक ने किया सुसाइड : वजह पता लगाने में जुटी पुलिस

वजह पता लगाने में जुटी पुलिस

Google Image | Symbolic Image

Noida News : नोएडा में मंगलवार की देर शाम सनसनीखेज हादसा हुआ है। शहर के गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया है। प्रारंभिक रूप से मिली जानकारियों के मुताबिक युवक का नाम लक्ष्य बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 16-17 वर्ष है। युवक ने आत्महत्या क्यों की है? अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया है कि जिला अस्पताल की ओर से सूचना दी गई थी। वहां से बताया गया कि लड़के की हालत बहुत ज्यादा खराब है। इसलिए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया जा रहा है। बाद में सफदरजंग अस्पताल से पुलिस को बताया गया कि लड़के की मौत हो गई है।

सुसाइड करने के कारणों की अभी जानकारी नहीं
नोएडा के एडिशनल डीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया, "यह घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में गोल्फकोर्स मेट्रो स्टेशन पर हुई है। मेट्रो की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने लड़के को जिला अस्पताल में भर्ती किया। जिला अस्पताल से लड़के को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत बेहद नाजुक थी। बाद में सफदरजंग अस्पताल से बताया गया कि उसकी मृत्यु हो गई है।" डीजीपी ने आगे बताया कि लड़का शहर के सेक्टर-36 का रहने वाला है। उसका एक दोस्त जिला अस्पताल पहुंचा था उसने यह जानकारी दी है।

लड़का परेशान था लेकिन क्यों? अभी पता नहीं
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि सुसाइड करने वाले लड़के का एक दोस्त उसके साथ अस्पताल में आया था। उसने बताया कि लड़का काफी परेशान था, लेकिन उसे यह पता नहीं है कि परेशानी की वजह क्या थी। अभी परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। जिसके चलते सुसाइड के कारणों की जानकारी नहीं मिली है। प्रकरण में एफआईआर दर्ज करके आगे जांच की जाएगी। सफदरजंग अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच आगे बढ़ेगी।

बढ़ रहे हैं मेट्रो के आगे कूदने के मामले
शहर में मेट्रो के आगे कूदकर जान देने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले सप्ताह भी एक युवक ने नोएडा के मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर एक युवती ने सुसाइड किया था। शहर के कई दूसरे मेट्रो स्टेशनों पर भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.