मीरापुर के बाद अब जेवर को अनाथ बनाने आए अवतार सिंह भड़ाना, जानिए क्या कहती है जनता

गौतमबुद्ध नगर में आया हेलीकॉप्टर उम्मीदवार : मीरापुर के बाद अब जेवर को अनाथ बनाने आए अवतार सिंह भड़ाना, जानिए क्या कहती है जनता

मीरापुर के बाद अब जेवर को अनाथ बनाने आए अवतार सिंह भड़ाना, जानिए क्या कहती है जनता

Google Image | अवतार सिंह भड़ाना हेलीकॉप्टर में सवार

Jewar Assembly Election 2022 : अवतार सिंह भड़ाना गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में है। अवतार सिंह भड़ाना जेवर विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे हैं और वह सपा-रालोद के टिकट पर जेवर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। अवतार सिंह भड़ाना वर्तमान में उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर जिले में मीरापुर सीट से विधायक हैं। वह भाजपा विधायक हैं, लेकिन विधायक बनने के बाद अवतार सिंह ने अपने विधानसभा निवासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। मीरापुर की जनता का कहना है कि "उनकी विधानसभा अनाथ हो चुकी है। विधायक होने के बावजूद भी अवतार सिंह भड़ाना अपनी सीट पर झांकने तक नहीं आए।"

"मीरापुर की जनता को किया अनाथ"
जेवर के निवासी देवेंद्र ठाकुर का कहना है कि "चुनाव का बिगुल बजते ही अब पैराशूट विधायक हमारे दरवाजे आकर खड़ा हो गया है। हम पैराशूट नहीं हेलीकॉप्टर विधायक भी कह सकते हैं, क्योकि अवतार सिंह भड़ाना हेपीकॉप्टर से चलता है। हम अवतार सिंह भड़ाना को अच्छी तरीके से जानते हैं। अवतार सिंह भड़ाना वही विधायक है, जिसने भारतीय जनता पार्टी का विधायक होने के बावजूद भी मीरापुर को अनाथ कर दिया, लेकिन वह जेवर को इस हालत में नहीं होने देंगे। जेवर विधानसभा में किसी भी जाति का व्यक्ति अवतार सिंह भड़ाना को वोट नहीं देगा। अवतार सिंह ने मीरापुर के हमारे भाइयों को दुख पहुंचाया है। हम इसको कतई भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

"मीरापुर जैसी होगी जेवर की हालत"
विकास नागर ने बताया कि "जेवर इस समय काफी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अगर जेवर विधानसभा की जनता ने अवतार सिंह भड़ाना को वोट दिया तो ना ही केवल यहां का विकास रुक जाएगा, बल्कि जेवर विधानसभा की हालत बद से बदतर हो जाएगी जो मीरापुर विधानसभा की हालत हुई है, वही हालत जेवर विधानसभा की हो जाएगी।

"अवतार सिंह भड़ाना की सोच गलत"
अचपाल भाटी का कहना है कि "आखिर अवतार सिंह भड़ाना कौन हैं ? वह अवतार को नहीं जानते है और जो जेवर की भूमि से जुड़ा हुआ नहीं है, वह भला कैसे हमारे दुख-दर्द को समझ सकता है। जेवर में अवतार सिंह को कुछ नहीं मिलेगा। अगर वो सोचते है कि उनको यहां पर गुर्जर या फिर किसी अन्य जाति पर वोट मिलेगा तो वह उनकी गलत सोच है। जेवर की जनता सिर्फ और सिर्फ विकास कार्य पर वोट देती है।

"अवतार से बात करने के लिए चाहिए हेलीकॉप्टर"
जेवर के निवासी राहुल भाटी ने बताया कि "मेरे ख्याल से अवतार सिंह भड़ाना वही विधायक है जो मीरापुर में विधानसभा जीतने के बाद अपने क्षेत्र की जनता से मिलने तक नहीं गया। अवतार सिंह भड़ाना वही नेता है जो मीरापुर की जनता को अनाथ करके जेवर में आना चाहता हैं। हम जेवर में ऐसा कभी नहीं होने देंगे। मीरापुर की हालत इस समय काफी दयनीय है। विधायक होने के बावजूद भी अवतार सिंह अपने क्षेत्र की हालात लेने नहीं जाते, ऐसा विधायक हमें नही चाहिए। वैसे ही अवतार सिंह भड़ाना हेलीकॉप्टर से चलता है। अगर वह विधायक बना तो जेवर की जनता को उनसे बात करने के लिए हेलीकॉप्टर लेना होगा।"

कई पार्टियों से निभाई यारियां
अवतार सिंह भड़ाना कांग्रेस, इंडियन नेशनल लोकदल, समाजवादी जनता पार्टी (राष्ट्रीय) और भारतीय जनता पार्टी में रह चुके हैं। भड़ाना ने राजनीति की शुरुआत हरियाणा विधानसभा से की। वह चौधरी देवी लाल की दूसरी सरकार में 1988-89 के दौरान 6 महीनों के लिए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे थे। आपको बता दें कि 1987 के हरियाणा चुनाव में वह मेवला महाराजपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़े थे। केवल 622 वोट मिली थीं, लेकिन राजनीतिक तिगड़म की बदौलत विधायक बने बिना वह चौधरी देवी लाल जैसे दिग्गज नेता के मंत्रिमंडल में जगह पा गए थे। विधानसभा सदस्य नहीं होने के कारण उन्हें 6 महीने बाद पद छोड़ना पड़ा था, लेकिन आगे का राजनीतिक सफर तय करने के लिए यह मौक़ा पर्याप्त था। इसके बाद भड़ाना ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस ने भजन लाल जैसे दिग्गज नेता की फरीदाबाद लोकसभा सीट से भड़ाना को मौका दे दिया। वर्तमान में अवतार सिंह भड़ाना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर विधान सभा क्षेत्र से विधायक हैं।

   अवतार भड़ाना का राजनीतिक सफर
  1. 1988 में बिना विधायक तत्कालीन हरियाणा के मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने अवतार भड़ाना को 6 माह के लिए शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री बनाया
  2. 1989 में दौसा से जनता दल की टिकट पर कांग्रेस नेता राजेश पायलट के सामने चुनाव हारे
  3. 1991 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर पहली बार सांसद बने
  4. 1996 में फरीदाबाद से भाजपा के रामचंद्र बैंदा से चुनाव हारे
  5. 1998 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट न मिलने पर समाजवादी जनता पार्टी की टिकट पर भाजपा के रामचंद्र बैंदा से चुनाव हारे
  6. 1999 में मेरठ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर दूसरी बार सांसद बने
  7. 2004 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर तीसरी बार सांसद बने
  8. 2009 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर चौथी बार सांसद बने
  9. 2014 में फरीदाबाद में कांग्रेस की टिकट पर भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर से 4.67 लाख मतों से चुनाव हारे
  10. 2015 में कांग्रेस छोड़कर हरियाणा की इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी में शामिल हो गए
  11. 2016 में अवतार इनेलो छोड़ भाजपा में शामिल हुए और भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बने
  12. 2017 में अवतार भड़ाना उत्तर प्रदेश के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर विधायक बने
  13. 2022 में विधानसभा चुनाव की जीत की हवा को परखते हुए राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.