रिकॉर्ड जीत की और बढ़ रहे हैं भाजपा के तीनों उम्मीदवार, जानिए अब तक किसे कितने वोट मिले

गौतमबुद्ध नगर मतगणना : रिकॉर्ड जीत की और बढ़ रहे हैं भाजपा के तीनों उम्मीदवार, जानिए अब तक किसे कितने वोट मिले

रिकॉर्ड जीत की और बढ़ रहे हैं भाजपा के तीनों उम्मीदवार, जानिए अब तक किसे कितने वोट मिले

Tricity Today | Pankaj Singh, Tejpal Nagar, Dhirendra Singh

Noida News : गौतमबुद्ध नगर से भारतीय जनता पार्टी के तीनों प्रत्याशी रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रहे हैं। खास बात यह है कि पहले राउंड से ही तीनों उम्मीदवारों ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी, जो लगातार बरकरार है। आपको बता दें कि नोएडा से भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधायक पंकज सिंह को अब तक 83,311 वोट मिल चुकी हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुनील चौधरी को केवल 19,729 वोट मिले हैं। दादरी में भाजपा प्रत्याशी मास्टर तेजपाल सिंह नागर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें अब तक 74,578 वोट मिल चुके हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार भाटी को केवल 16,446 वोट मिले हैं। जेवर विधानसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार ठाकुर धीरेंद्र सिंह निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। धीरेंद्र सिंह को 45,944 वोट मिले हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार अवतार सिंह भड़ाना को 33,036 वोट मिले हैं।

तीनों सीटों पर सपा के उम्मीदवार दूसरे नंबर पर
गौतमबुद्ध नगर जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर आज तक समाजवादी पार्टी कामयाबी हासिल नहीं कर पाई है। हालांकि, इस चुनाव में सपा उम्मीदवारों का प्रदर्शन पिछले मुकाबलों की अपेक्षाकृत सुधरा है। तीनों सीटों पर समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर नोएडा सीट की बात करें तो सुनील चौधरी तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें अब तक 19,729 वोट मिले हैं। इस तरह पंकज सिंह 65,582 मतों के भारी भरकम अंतर से आगे चल रहे हैं।

दादरी विधानसभा सीट का हाल
दादरी विधानसभा सीट पर भी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार भाटी दूसरे नंबर पर हैं। ताजा रुझान मिलने तक उन्हें 16,446 वोट मिले हैं। राजकुमार भाटी, मास्टर तेजपाल सिंह नागर से 58,132 मतों से पीछे चल रहे हैं। जेवर विधानसभा सीट पर मुकाबला थोड़ा दिलचस्प है। यहां राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को 35,028 वोट मिले हैं। धीरेंद्र सिंह को अब तक 51,643 वोट मिल चुके हैं। इस तरह अवतार सिंह भड़ाना 16,615 वोटों के अंतर से पिछड़े हुए हैं।

बहुजन समाज पार्टी का बुरा हाल, पीछे खिसके उम्मीदवार
गौतमबुद्ध नगर बसपा सुप्रीमो मायावती का गृह जनपद है। यहां बसपा का अच्छा-खासा दबदबा रहा है, लेकिन इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने निराशाजनक प्रदर्शन किया है। नोएडा सीट से उम्मीदवार कृपाराम शर्मा को अब तक केवल 5,795 वोट मिले हैं। दादरी से बसपा प्रत्याशी मनवीर सिंह भाटी को 12,243 वोट मिले हैं। जेवर से बसपा उम्मीदवार नरेंद्र भाटी डाढ़ा को 22,450 वोट मिले हैं। इस तरह गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर संघर्ष कर रहे हैं।

किस सीट पर कितने राउंड में होगी गिनती पूरी
गौतमबुद्ध नगर की नोएडा और दादरी विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती के लिए 20-20 टेबल लगाई गई हैं। इसके अलावा जेवर विधानसभा में वोट काउंटिंग के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। नोएडा में वोटों की गिनती 38 राउंड में होगी। दादरी में 34 राउंड और जेवर में 30 राउंड में मतगणना होगी। गौतमबुद्ध नगर की तीनों सीटों पर टोटल 39 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिसमें से सबसे ज्यादा दादरी विधानसभा सीट पर 14 उम्मीदवार, नोएडा विधानसभा सीट पर 13 उम्मीदवार और जेवर विधानसभा सीट पर 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

किस सीट पर कितने वोट डाले गए हैं
नोएडा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 7,13,696 वोटर हैं। इनमें से 3,47,871 वोटरों ने ईवीएम पर बटन दबाया है। दादरी सीट पर 6,05,431 वोटर हैं। इनमें से 3,53,078 ने मतदान किया था। इसी तरह जेवर सीट के 3,50,465 वोटरों में से 2,31,267 ने मतदान किया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.