कांग्रेस ने जारी किया उन्नति विधान जन घोषणापत्र, जानिए क्या है इस मेनिफेस्टो में खास

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : कांग्रेस ने जारी किया उन्नति विधान जन घोषणापत्र, जानिए क्या है इस मेनिफेस्टो में खास

कांग्रेस ने जारी किया उन्नति विधान जन घोषणापत्र, जानिए क्या है इस मेनिफेस्टो में खास

Tricity Today | घोषणापत्र

LUCKNOW : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया है। यूपी कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर उन्नति विधान जन घोषणापत्र जारी किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में उन्नति विधान जन घोषणापत्र के चेयरमैन सलमान खुर्शीद, अराधना मिश्र मोना, जितेंद्र बघेल, सुप्रिया  श्रिनेत, अजय लल्लू, नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई नेता मौजूद रहें। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने जितने भी घोषणा पत्र जारी किए हैं, उसमें दर्ज बातें आम जनता के सुझाव हैं। प्रदेश के लोगों से चर्चा करके ही ये सारे सुझाव आए हैं। हमने अपने घोषणा पत्र में यह दर्ज किया है कि हम प्रदेश का विकास कैसे करेंगे। 

20 लाख दी जाएंगी नौकरी
घोषणापत्र के अहम बिंदुओं की जानकारी देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। यह कर्जमाफ सरकार बनने के 10 दिन के भीतर होगा। जिन परिवारों पर कोरोना की मार पड़ी है उन्हें 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी के साथ 20 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ की तरह हमारी सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। धान और गेहूं 2500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ना 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। बिजली का बिल आधा किया जाएगा और कोरोना काल का बकाया माफ किया जाएगा। 

कोरोना प्रभावित परिवारों को 25 हजार की मदद
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। पुलिस, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित सार्वजनिक क्षेत्र में 12 लाख का भारी-भरकम बैकलॉग भरा जाएगा। इसके अलावा आठ लाख और नौकरियां दी जाएंगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि बागपत में व्यापारी पति पत्नी ने जहर खाया और पत्नी की मौत भी हो गई। यह बेहद दुखद है। हम ऐसे छोटे व्यापारियों की मदद करना चाहते हैं। इसके लिए हम छोटे उद्यमों को क्लस्टर घोषित करेंगे और उन्हें सरकार की ओर से मदद पहुंचाई जाएगी। 

केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा
स्कूल रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5000 किया जाएगा। कोरोना में जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। एडहॉक शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को अनुभव और नियमों के आधार पर नियमित किया जाएगा। कांग्रेस ने अपने उन्नति विधान में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण दिया जाएगा। कोल समुदाय को आदिवासी जनजाति का दर्जा दिया जाएगा। 

पत्रकारों के विरुद्ध दायर मुककमे होंगे खत्म
पत्रकारों के विरुद्ध दायर मुकदमे खत्म किए जाएंगे और जो गैरकानूनी रूप से जेल में बंद हैं, उन्हें रिहा किया जाएगा। शिल्पकारों, बुनकरों, किसानों और पूर्व सैनिकों जैसे समूहों के लिए विधान परिषद में पांच अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी चुनाव से पहले गर्मी निकालने, चर्बी निकालने की बातें क्यों हो रही हैं? पद खाली हैं, भर्ती निकालिए। हम तो पूरा खाका पेश कर रहे हैं कि हम सभी पद भरेंगे और अतिरिक्त नौकरियां देंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.