Noida/Greater Noida News : उत्तर प्रदेश में आचार संहिता की घोषणा हो गई है। आचार संहिता की घोषणा होने के बाद पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने जिले में सभी अन्य पुलिस अफसरों और पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी लोग निर्वाचन आयोग के आदेशों का पालन करवाएं। आलोक सिंह की तरफ से निर्देश मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस अलर्ट हो गई है।
10 फरवरी को चुनाव होगा
गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा नोएडा, दादरी और जेवर में 10 फरवरी को चुनाव होगा। जिले में पुलिस काफी अलर्ट हो गई है। बीती रात से ही चेकिंग अभियान चलाना शुरु कर दिया है। इसके अलावा जिले में जहां पर भी नेताओं के होर्डिंग और बैनर लगे हुए हैं। उनको पुलिस कर्मचारी हटा रहे हैं। शनिवार की देर रात तक अभियान चलाकर पुलिस ने करीब एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लगे होर्डिंग और बैनर को हटाया।
वाहनों की जांच तेज हुई
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकतर चौराहों पर पुलिस तैनात है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है। अब जिले में किसी भी गाड़ी पर पार्टी का झंडा दिखाई नहीं देगा। जिस भी गाड़ी पर पार्टी का झंडा होगा, उसको तुरंत हटा दिया जाएगा। गाड़ियों के शीशे पर ब्लैक फिल्म और हूटर नहीं होंगे। पुलिस कमिश्नर का आदेश है कि जिले में निर्वाचन आयोग के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए, अगर कोई व्यक्ति आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।