ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव आएंगे गृहमंत्री अमित शाह, घर-घर जाकर वोट मांगेंगे

UP Assembly Election 2022 : ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव आएंगे गृहमंत्री अमित शाह, घर-घर जाकर वोट मांगेंगे

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव आएंगे गृहमंत्री अमित शाह, घर-घर जाकर वोट मांगेंगे

Google Image | Home Minister Amit Shah

Greater Noida : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वेस्ट यूपी के जिलों में पहुंच रहे हैं। इसी सिलसिले में अमित शाह गुरुवार को ग्रेटर नोएडा आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अमित शाह ग्रेटर नोएडा शहर के बीचोंबीच तुगलपुर गांव में घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी और गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

दादरी क्षेत्र में तेजपाल सिंह नागर के लिए मांगेंगे वोट
दादरी से भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नगर एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके लिए वोट मांगने ग्रेटर नोएडा आएंगे। गुरुवार की दोपहर अमित शाह ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। वह तुगलपुर गांव जाएंगे। ग्रामीणों से घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने अमित शाह को पश्चिम उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। अमित शाह वेस्ट यूपी के जिलों में जाकर प्रचार कर रहे हैं। घर-घर जाकर वोट देने की अपील कर रहे हैं।

अमित शाह ने कैराना से की शुरुआत
गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत शामली जिले के कैराना कस्बे से की। आपको बता दें कि वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगों के बाद कैराना कस्बा हिंदुओं के पलायन के लिए बदनाम हो गया था। इसी कस्बे में पिछले सप्ताह अमित शाह ने जनसभा की। उसके बाद घर-घर जाकर वोट मांगे। अमित शाह ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां से हिंदू पलायन कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में गुंडे और बदमाश पलायन कर गए हैं।

पहले चरण में इन 11 जिलों की 58 सीट
पहले चरण के चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिले शामिल हैं। इन जिलों में 58 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। शामली जिले की 3 सीट कैराना, थानाभवन और शामली के लिए नामांकन करवाया गया है। मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी (एससी), मुजफ्फरनगर, खतौली और मीरापुर सीट पर नामांकन हो चुके हैं। मेरठ जिले में सिवाल खास, सरधना, हस्तिनापुर (एससी), किठौर, मेरठ छावनी, मेरठ शहर और मेरठ दक्षिण सीट के लिए पर्चे दाखिल किए गए हैं। बागपत में छपरौली, बड़ौत और बागपत सीट हैं। गाजियाबाद में लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद और मोदी नगर सीटों के लिए नामांकन खत्म हो गए हैं। हापुड़ जिले में धौलाना, हापुड़ (एससी) और गढ़मुक्तेश्वर पर पर्चा दाखिल हो चुका है।

गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर में नामांकन पूरा
गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिलों की सीटों के लिए भी नामांकन पूरा हो गया है। गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा, दादरी और जेवर सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुलंदशहर में सबसे ज्यादा 7 सीट सिकंदराबाद, बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, डिबाई, शिकारपुरन और खुर्जा (एससी) सीट हैं। अलीगढ़ में खैर (एससी), बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल और अलीगढ़ सीटों पर चुनाव करवाया जा रहा है। मथुरा में इगलास (एससी), छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा और बलदेव (एससी) सीटों पर नामांकन करवाया जा चुका है। आगरा जिले की एत्मादपुर, आगरा कैंट (अनुसूचित जाति), आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण (एससी), फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह सीटों के लिए पहले चरण में पर्चा दाखिल करने का वक्त पूरा हो गया है।
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.