एमएलए पंकज सिंह बोले  350 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा, अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही सपा, पढ़ें पूरी खबर

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : एमएलए पंकज सिंह बोले 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा, अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही सपा, पढ़ें पूरी खबर

एमएलए पंकज सिंह बोले  350 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा, अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही सपा, पढ़ें पूरी खबर

Google Image | एमएलए पंकज सिंह

Noida News : उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष और नोएडा से विधायक पंकज सिंह (MLA Pankaj Singh) ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। बीते दिनों एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी सूबे में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में 403 सीटों में से 350 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी।

पंकज सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के तौर-तरीके पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी विकास कार्यों का क्रेडिट लेना चाहती है। लेकिन अगर हकीकत में सपा ने विकास कराया होता, तो उन्हें सत्ता से बाहर नहीं जाना पड़ता। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल के पहले क्वार्टर में ही विधानसभा चुनाव 2022 संपन्न कराए जाएंगे। इसको लेकर सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

क्रेडिट लेने की निरर्थक होड़ लगी है
नोएडा विधायक ने सोशल मीडिया को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ईमानदारी हर पेशे में बेहद जरूरी होती है। खासतौर पर जब आप जनता से जुड़े सरोकार पूरे करते हैं, तब क्रेडिट लेने की होड़ नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समर्पण भाव जरूरी है। लेकिन समाजवादी पार्टी उन सभी कार्यों का भी क्रेडिट लेने की कोशिश कर रही है, जो कभी उसने नहीं कराए। यह सामाजिक कार्यों के सिद्धांत के खिलाफ है और इसी वजह से इस विपक्षी दल की साख गिरी है। अगर सपा ने जनता के लिए कार्य किया होता तो वे फिर से सरकार बनाने में कामयाब रहते। लेकिन अब यह पार्टी जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रही है।

पार्टी और संगठन स्तर पर तैयारी है
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी पंकज सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी और संगठन जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। प्रदेश की जनता से जुड़ने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा सदस्यता अभियान के जरिए भी भारतीय जनता पार्टी लोगों को साथ जोड़ रही है। जोन और बूथ लेवल पर संगठन ने बेहद मजबूत बनाया है। बूथ स्तर पर तैयारी के लिए हमने पन्ना प्रमुख नियुक्त किए हैं, जो वोटर लिस्ट के उस पेज के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ेंगे।

350 से ज्यादा सीटों पर जीत होगी
पंकज सिंह ने आगे कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विगत वर्षों में महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं। इसका फायदा हमें आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी इस बार 350 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी और एक बार फिर सूबे में भगवा सरकार बनेगी। कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए युवा कार्यक्रम में 'अबकी बार 350 पार' का नारा दिया गया है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
केंद्रीय राज्य गृह मंत्री अजय मिश्रा टेनी के मामले में पंकज सिंह ने कहा, उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है। जांच के बाद जो भी सामने आएगा, उस पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर लाभ लेने की फिराक में हैं। ऐसी हरकतों की वजह से ही इन पार्टियों की साख दांव पर लगी है। ये सभी दल इस तरह के मुद्दों को राजनीतिक रूप देकर लाभ लेने की कोशिश करते हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है। उसके बाद कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

18 वर्ष से जुड़े हैं
योगी आदित्यनाथ सरकार में उन्हें मंत्री पद नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा, पार्टी ने उन्हें कई बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। वह इससे बेहद खुश हैं और पूरी निष्ठा-ऊर्जा के साथ इन पदों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दरअसल पंकज सिंह पिछले 18 साल से भारतीय जनता पार्टी के जुझारू कार्यकर्ता रहे हैं और कई प्रमुख पदों पर रह चुके हैं। पार्टी ने उन्हें बहुत कम उम्र में यूथ विंग का अध्यक्ष और बाद में सेक्रेटरी नियुक्त किया था।

जिम्मेदारियों से संतुष्ट हूं
उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी ने मुझे महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। मैंने इस पर लंबे वक्त तक काम किया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश भाजपा में मुझे उपाध्यक्ष पद सौंपा गया है। मैं नोएडा विधानसभा से विधायक हूं। पार्टी ने मुझे यूथ विंग और बीजेपी ट्रेनिंग सेल का प्रमुख नियुक्त किया है। यह सभी पद बेहद महत्वपूर्ण हैं। मैं हर तरह से पार्टी के प्रति आभार जताता हूं। मुझे संतुष्टि है कि इन महत्वपूर्ण पदों पर लंबे समय तक जिम्मेदारी दी गई।

प्रचार नहीं किया
कोरोना वायरस महामारी के दौरान पंकज सिंह ने नोएडा के लोगों के लिए सराहनीय कार्य किया। उनकी पहल पर राशन वितरण से लेकर कोविड-19 टेस्ट और टीकाकरण कैंप लगाए गए। लेकिन उन्होंने कभी सोशल मीडिया पर इसका क्रेडिट लेने की कोशिश नहीं की। इसका जवाब देते हुए विधायक ने कहा, नोएडा के लोगों की सुविधा-सहूलियत के लिए जो कुछ भी किया गया, वह मेरी जिम्मेदारी थी। इसीलिए इसका सोशल मीडिया पर प्रचार नहीं किया गया। 

निपटने के लिए तैयार हैं
एमएलए ने आगे कहा, नोएडा के लोगों को सुविधाएं देने के लिए मैं हर संभव प्रयास करता रहा हूं। कोरोना काल में पूरा देश एक दूसरे की मदद करता रहा। इसकी वजह से ही हम इस महामारी से निपटने में कामयाब रहे हैं। कोविड-19 के दौरान आम लोगों ने भी सरकार की सहायता की। देश कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयार है। गौतमबुद्ध नगर प्रशासन भी इस वैश्विक आपदा से पार पाने के लिए तैयारियां मुकम्मल कर चुका है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.