गाजियाबाद दीपावली मेले में पहुंचे सुरेश खन्ना, कहा- सपा सरकार में अपराधियों का था बोलबाला और अब मांग रहे है माफी

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : गाजियाबाद दीपावली मेले में पहुंचे सुरेश खन्ना, कहा- सपा सरकार में अपराधियों का था बोलबाला और अब मांग रहे है माफी

गाजियाबाद दीपावली मेले में पहुंचे सुरेश खन्ना, कहा- सपा सरकार में अपराधियों का था बोलबाला और अब मांग रहे है माफी

Social Media | रामलीला मैदान में आयोजित दीपावली मेला

Ghaziabad News : कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित दीपावली मेले में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना (Suresh Khanna) विपक्ष पर जमकर बरसे। खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर उन्होंने तीखा हमला किया। सुरेश खन्ना ने कहा कि सपा सरकार के शासनकाल में अपराधियों को कोई खौफ नहीं था। अब समय बदल चुका है। योगी सरकार में कानून व्यवस्था में बेहतर सुधार आया है। माफिया की दाल गल नहीं रही। अपनी जान बचाने के लिए माफिया को माफी का सहारा लेना पड़ रहा है। 

योगी सरकार की उपलब्धियां बताई
गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित दीपावली मेला एवं पीएम स्वनिधि महोत्सव में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने उक्त विचार व्यक्त किए। इस दरम्यान उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के साथ-साथ विपक्ष को आड़े हाथों लिया। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर मौका मिलने की बात पर जोर दिया। 

भाजपा सरकार में माफिया आज खुद खौफ में
सुरेश खन्ना ने इस दौरान कहा कि यूपी में सपा सरकार का शासन बेखौफ अपराधियों के लिए मुफीद रहा था। उस वक्त अपराधी खूब मनमानी करते थे, जिससे आमजन को खौफजदा रहना पड़ता था। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था की स्थिति में व्यापक बदलाव आया है। अपराधियों को मनमानी करने की छूट नहीं है। माफिया आज खुद खौफ में हैं। वह माफी मांगते नजर आ रहे हैं। अपराध पर योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति कामयाब रही है। मंत्री खन्ना ने कांग्रेस पर भी हमला बोला।

कांग्रेस का घोषणा पत्र किसी काम का नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत किसी से छुपी नहीं है। विधान सभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने घोषणा पत्र तो जारी कर दिया है, मगर वह किसी काम का नहीं है। यदि कांग्रेस का घोषणा पत्र दमदार होता तो राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पंजाब में नागरिकों को राहत मिल जाती।

अमित शाह ने भी की योगी आदित्यनाथ की सराहनीय
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ का अब तक का कार्यकाल सराहनीय रहा है। अलबत्ता उन्हें दोबारा मौका मिलना चाहिए। खुद गृह मंत्री अमित शाह भी योगी आदित्यनाथ के काम-काज की सराहना कर चुके हैं। यूपी में विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिल रहा है। 

उद्यमियों को राहत
उन्होंने बताया कि सूबे में उद्यमियों को राहत देने को हरसंभव कोशिशें हो रही हैं। उद्यमियों को 5-10 लाख रुपए तक का ऋण भी कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रत्येक जनपद के लिए 100 करोड़ रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यूपी सरकार सभी के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री ने मेला स्थल का भ्रमण भी किया। भ्रमण के दरम्यान उन्होंने विभिन्न स्टॉल पर जाकर वहां उपलब्ध उत्पादों की जानकारी ली। 

यह नेता और अधिकारी मौजूद रहे
इस अवसर पर सूबे के स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, मेयर आशा शर्मा, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा और अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार इत्यादि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.