इस ब्राह्मण चेहरे ने दादरी सीट पर ठोकी दावेदारी, जानें इस बार का समीकरण

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 :  इस ब्राह्मण चेहरे ने दादरी सीट पर ठोकी दावेदारी, जानें इस बार का समीकरण

इस ब्राह्मण चेहरे ने दादरी सीट पर ठोकी दावेदारी, जानें इस बार का समीकरण

Tricity Today | भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी से मुलाकात की

Greater Noida News : चुनाव आयोग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) की घोषणा कर दी है। यूपी में 7 चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहला चरण 10 फरवरी को होगा। इस चरण में दादरी विधानसभा सीट भी है। चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा के अंदर नेताओं की दावेदारी को लेकर हलचल तेज हो गई है। कभी भी प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। मिहिरभोज के बाद चर्चा में आई दादरी सीट से इस बार बीजेपी से पवन त्यागी ने दावेदारी ठोक दी है। उन्होंने रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी से मुलाकात की। अपना बायोडाटा सौंपकर दादरी सीट से टिकट देने की मांग की है। मिली जानकारी के मुताबिक शहरी वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए ब्राह्मण चेहरे को मैदान में भाजपा उतार सकती है।

दादरी सीट का समीकरण बदला
आजकल दादरी विधानसभा सीट चर्चाओं में है। मतदाताओं की नई सूची आने के बाद यहां का समीकरण बदल गया है। दादरी सीट पर आने वाले कुछ क्षेत्रों में भूमिहार, त्यागी और ब्राह्मणों का बोलबाला है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी कस्बा, ग्रेटर नोएडा शहर और एक दर्जन से अधिक गांवों में मतदाता संख्या पहले के मुकाबले ज्यादा हो गई है। बता दें, दादरी सीट पर 2012 के विधानसभा चुनावों तक गुर्जर और ग्रामीण वोटरों की संख्या ज्यादा थी, लेकिन बाहरी लोगों का बसाव होने के बाद मतदाताओं का समीकरण बदल गया है। पिछले दिनों भाजपा के रणनीतिकारों ने एक सर्वे करवाया। जिसकी रिपोर्ट में कहा गया है कि दादरी सीट पर भूमिहार, त्यागी और ब्राह्मणों की संख्या ढाई लाख से अधिक है। सभी दल ब्राह्मणों को लुभाने के लिए पुरजोर ताकत लगा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक,  दादरी सीट पर भाजपा बड़ा दांव खेल सकती है। 

आजादी के बाद से गुर्जरों का बोलबाला
आजादी के बाद से दादरी गुर्जर बहुल क्षेत्र माना जाता है। पिछले 7 दशकों से अधिक समय से गुर्जर विधायक दादरी में हैं। जिसमें कई दिग्गज नेता भी शामिल हैं। जैसे महेंद्र सिंह भाटी, समीर भाटी, नवाब सिंह नागर, सतवीर सिंह गुर्जर और वर्तमान में भाजपा के विधायक तेजपाल सिंह नागर हैं, लेकिन इस बार सबकुछ बदला हुआ नजर आ रहा है। अगर बात करें मतदाताओं की तो इस बार ब्राह्मण मतदाता जीत और हार का अंतर तय करेगा। बीजेपी स्थानीय समस्याओं को लेकर अपना-अपना गणित बैठाने में लगी है। शहरी वोटरों को साधने के लिए दादरी में ब्राह्मण चेहरा एक फैक्टर बनकर उभरा है। 

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में होगा चुनाव
भारत निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा सीट नोएडा, दादरी और जेवर में 10 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कैराना विधानसभा, थाना भवन, शामली, मुजफ्फरनगर, हस्तिनापुर, मेरठ, बागपत, लोनी, गाजियाबाद, मोदीनगर, हापुड  खुर्जा, बुलंदशहर और आगरा समेत 58 विधानसभा सीट पर 10 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। लिहाजा, अगले एक या दो दिनों में भाजपा इस चरण के लिए अपने उम्मीदवार घोषित करेगी।

दादरी सीट पर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
वैसे तो दादरी सीट पर भाजपा के सिटिंग विधायक हैं लेकिन पार्टी से टिकट मांगने वालीं की बड़ी लम्बी लाइन है। हालांकि, इनमें गुर्जर सबसे ज्यादा हैं। इसी बीच ब्राह्मणों की सबसे ज्यादा संख्या देखते हुए भाजपा नेता पवन त्यागी ने दावेदारी पेश की है। पवन त्यागी ने रविवार को जिलाध्यक्ष विजय सिंह भाटी से मुलाकात की। उन्हें आवेदन देकर दादरी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। विजय भाटी ने उनका आवेदन लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक पवन त्यागी का नाम तीन दावेदारों के पैनल में मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय और लखनऊ प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा।

पवन त्यागी को कई बड़े नेताओं का समर्थन
आपको बता दें कि पवन त्यागी भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में पिछले कई वर्षों से सक्रिय हैं। वह पार्टी के विशेष कार्यक्रमों और संगठन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। पवन त्यागी के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई भाजपा नेताओं से अच्छे ताल्लुकात बताए जाते हैं। खासतौर से गुजरात कैडर के आईएस रह चुके और उत्तर प्रदेश भाजपा के मौजूदा उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा से उनकी नजदीकियां हैं। पवन त्यागी को भाजपा के कई नेताओं की ओर से दादरी सीट पर दावेदारी पेश करने का आश्वासन भी मिला है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.