वेस्ट यूपी के हिस्से आएंगे 8 मंत्री, जानिए कौन-कौन रेस में शामिल

खास खबर : वेस्ट यूपी के हिस्से आएंगे 8 मंत्री, जानिए कौन-कौन रेस में शामिल

वेस्ट यूपी के हिस्से आएंगे 8 मंत्री, जानिए कौन-कौन रेस में शामिल

Google Image | Yogi Adityanath

Meerut News : भारतीय जनता पार्टी के कामकाजी बंटवारे के मुताबिक वेस्ट यूपी बीजेपी में 3 मंडलों के 14 जिले शामिल हैं। पूरे उत्तर प्रदेश को क्षेत्रों में बांटा गया है। पश्चिम के अलावा ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, गोरखपुर और वाराणसी क्षेत्र हैं। योगी आदित्यनाथ के पिछले मंत्रिमंडल में 51 सदस्य थे। इनमें 22 कैबिनेट मिनिस्टर, 21 राज्य मंत्री और 8 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। मिली जानकारी के मुताबिक इस बार योगी आदित्यनाथ करीब 40 मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। इस लिहाज से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हिस्से में करीब 8 मंत्री आने की संभावना है। इस चुनाव में पश्चिम क्षेत्र की 71 में से 40 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। नए मंत्रिमंडल में जाति, संगठन और जिलों के समीकरणों को ध्यान में रखकर विधायकों का मंत्री पद के लिए चयन किया जाएगा।

जातिगत समीकरण कुछ इस तरह हैं
भारतीय जनता पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक जातिगत आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से एक ब्राह्मण, एक वैश्य, एक जाट, एक गुर्जर, दो ठाकुर और एक दलित को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। एक महिला चेहरा शामिल किया जाएगा। एक मंत्री विधान परिषद के कोटे से समाहित होगा। इस इलाके में भारतीय जनता पार्टी के 8 राजपूत, 7 जाट और 5 गुर्जर विधायक जीतकर आए हैं। 8 दलित, 4 वैश्य और 3 ब्राह्मण विधायक हैं। लोधी 2, त्यागी और सैनी जातियों का एक-एक विधायक है। एक विधायक पंजाबी हैं।

जिलों के आधार पर क्या स्थिति है?
सहारनपुर जिले की 8 में से 5 विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं। नकुड़, सहारनपुर नगर, देवबंद, रामपुर मनिहारान और गंगोह में भाजपा विधायक हैं। इनमें गंगोह के विधायक कीरत सिंह गुर्जर और देवबंद के विधायक बृजेश सिंह रावत मंत्री बनने के लिए प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। पिछले मंत्रिमंडल में नकुड से विधायक धर्म सिंह सैनी मंत्री थे, लेकिन वह विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर चले गए थे। बिजनौर में बढ़ापुर, धामपुर, नहटौर और बिजनौर सीट भाजपा ने जीती हैं। बिजनौर से इस बार एक विधायक सुशांत सिंह या अशोक कुमार राणा में से कोई एक मंत्री बन सकता है।

बागपत, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर और हापुड़ को मिलेगी तरजीह
इस बार मेरठ, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और बुलन्दशहर को सरकार में जगह मिलेगी। पिछली सरकार में बागपत, गौतमबुद्ध नगर और हापुड़ से कोई मंत्री नहीं था। इस बार इन तीनों जिलों से एक-एक मंत्री बनाया जाएगा। मेरठ और बुलन्दशहर बड़े जिले हैं। यहां से एक-एक राज्यमंत्री योगी सरकार में था। इस बार इन दोनों जिलों में कैबिनेट मिनिस्टर और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्तर पर कम से कम एक-एक विधायक पहुंचेगे। बागपत में योगेश धामा, मेरठ में सोमेंद्र तोमर, अमित अग्रवाल, हापुड़ में विजयपाल आढ़ती और गौतमबुद्ध नगर में पंकज सिंह या धीरेन्द्र सिंह मंत्री बन सकते हैं। महिला चेहरे के तौर पर सम्भल जिले से चंदौसी की विधायक गुलाब देवी को एकबार फिर मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वह भाजपा की सबसे अनुभवी महिला नेत्री हैं। छठी बार विधायक बनी हैं। बुलन्दशहर से मौजूदा वन राज्यमंत्री अनिल शर्मा को फिर मौका मिल सकता है। अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा भी ब्राह्मण कोटे से दावेदार हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.