बुन्देलखण्ड  में जल्द बनेगा भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर, योगी आदित्यनाथ ने बताया रामराज्य का मतलब

उत्तर प्रदेश : बुन्देलखण्ड में जल्द बनेगा भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर, योगी आदित्यनाथ ने बताया रामराज्य का मतलब

बुन्देलखण्ड  में जल्द बनेगा भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर, योगी आदित्यनाथ ने बताया रामराज्य का मतलब

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ ने किया जनसभा को संबोधित

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद ललितपुर में संत मोरारी बापू के राम कथा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र भक्ति और शक्ति का महासंगम है। इसी बुन्देलखण्ड की धरती पर चित्रकूट में भगवान राम ने अपने वनवास काल का सर्वाधिक समय व्यतीत किया था। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की कथा भारत की कथा है। भारत के प्रत्येक मानस के हृदय में रची-बसी यह मानवीय कथा हम सभी को सदैव नई प्रेरणा देती है। संकट के समय चुनौतियों से जूझने का नया मार्ग दिखाती है। 

योगी आदित्यनाथ ने की व्यासपीठ की आरती
मुख्यमंत्री रविवार को जनपद ललितपुर में संत मोरारी बापू के राम कथा कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कामना की कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के वासियों के लिए यहां हो रही रामकथा सुख और समृद्धि का वाहक बने। बुन्देलखण्ड क्षेत्र विकास की उन बुलंदियों की ओर आगे बढ़े, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना है। इस अवसर पर उन्होंने व्यासपीठ की आरती भी की। उन्होंने कहा कि देश में विपरीत परिस्थितियों में श्री राम कथा और व्यासपीठ ने एक नई दिशा देने का कार्य किया है।

शीघ्र निर्मित होगा भव्य मन्दिर 
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य का मतलब, जहां किसी के साथ कोई भेदभाव न हो, जहां किसी के सामने कोई अभाव न हो, जहां किसी बुराई के लिए कोई स्थान न हो। ऐसी आदर्श व्यवस्था भारत में बन रही है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर शीघ्र निर्मित होने वाला है। भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर का मतलब भगवान श्रीराम के अनुरूप राष्ट्र का मन्दिर। गरीबों के लिए मकान बन जाना, उनके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का हो जाना, सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान निःशुल्क टेस्ट, उपचार, वैक्सीन और हर गरीब के लिए निःशुल्क राशन की व्यवस्था केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा की गई है, यही रामराज्य है। इन सभी कार्यों में कोई भेदभाव नहीं हुआ है।

हर घर तक पहुंचेगा आरओ का शुद्ध पानी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल की थी। आज जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर जल का सपना साकार हो रहा है। इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। कुछ परियोजनाएं जून, 2022 में पूर्ण हो जाएंगी। अन्य परियोजनाएं भी इसी प्रकार आगामी महीनों में पूरी होती जाएंगी। दिसम्बर, 2022 तक लगभग सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड क्षेत्र के हर गांव, हर घर तक आरओ का शुद्ध पानी पहुंचा दिया जाएगा। खेतों के लिए सिंचाई की व्यवस्था हो रही है। डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण भी यहीं हो रहा है। एक तरफ खेतों में फसलें लहलहाएंगी, तो दूसरी तरफ यहां का नौजवान सीमा की रक्षा के लिए तोप लेकर जाएगा और वह तोप भी यहीं की बनी होगी।

श्रीराम ने सामूहिकता की ताकत के साथ कार्य किया
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमें सामूहिकता के साथ कार्य करने होंगे। सामूहिकता में बड़ी ताकत होती है। भगवान श्रीराम ने सामूहिकता की इसी ताकत के साथ कार्य किया था। उन्होंने भारत की सामूहिक ताकत को पहचाना था। युद्ध के लिए वे अयोध्या और जनकपुर से सेना लेकर नहीं गए थे, बल्कि वानरों और भालुओं की सेना खड़ी करके उस समय के सबसे ताकतवर योद्धा का सामना किया और विजयश्री का वरण किया था। 

शासन की योजनाओं का लाभ हर एक को मिले 
यदि भगवान श्रीराम भेदभाव करते, छुआ-छूत करते तो क्या वे शबरी के जूठे बेर खाते? क्या हनुमान जी उनके सेवक बन पाते? क्या रामराज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो पाता? रामराज्य की स्थापना का मार्ग तब प्रशस्त होगा, जब भारत की 135 करोड़ जनता एक स्वर में बोलेगी। इसी मार्ग को प्रशस्त करने का कार्य देश में हो रहा है। बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ हर एक को मिल रहा है। सभी को सुरक्षा मिल रही है। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, श्रम और सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.