डांस में मगन बाराती को जेबकतरे ने लगाया चूना, जेब से निकाल ली 26 हजार की नकदी

Agra News : डांस में मगन बाराती को जेबकतरे ने लगाया चूना, जेब से निकाल ली 26 हजार की नकदी

डांस में मगन बाराती को जेबकतरे ने लगाया चूना, जेब से निकाल ली 26 हजार की नकदी

Google Image | symbolic Image

Agra News : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद में एक जेबकतरे की हाथ की सफाई देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे। मैरिज होम के गेट पर दूल्हे की एंट्री के समय डांस करते बाराती को जेबकतरे ने अपना निशाना बनाया, जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। 20 सेकेंड के वीडियो में देख सकते हैं कि शादी में शामिल होने आए एक युवक की जेब से 26 हजार रुपये की नगदी निकालकर चोर फरार हो गया। बारातियों के मोबाइल फोन में डांस की वीडियो में चोर की करतूत कैद हो गयी थी। 

क्या है पूरा मामला
घटना उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद का है। 10 दिसंबर को यहां एक मैरिज होम में गांव में एक लड़की की बारात आई थी। मैरिज होम के गेट पर दूल्हे की एंट्री के समय सभी बाराती डांस कर रहे थे। तभी मौका देखकर एक व्यक्ति बारात में शामिल हो गया। कोई उस पर शक न करे, इसलिए वह अच्छे कपड़े भी पहनकर आया था। जेबकतरा चोरी के इरादे से एक बाराती के पास खड़ा हो गया और अपने हाथ को बड़ी सावधानी से उसकी जेब में घुसाने लगा। देखते ही देखते जेबकतरा बड़ी सफाई से बाराती की जेब में रखी नगदी को चुराकर फरार हो गया। जब बाराती ने अपनी जेब देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी जेब में रखे 26 हजार रुपये गायब थे।
 
वीडियो में कैद हो गया जेबकतरा
बाराती ने लोगों को अपनी जेब कटने की जानकारी दी तो मैरिज होम में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, लेकिन सीसीटीवी में कुछ भी सामने नहीं आया। उसके बाद लोगों ने अपने-अपने मोबाइल में बनाए वीडियो चेक किए, जिससे ये घटना सामने आई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब मैरिज होम के गेट पर लोग डांस कर रहे थे, तभी काली और सफेद चेक की शर्ट पहने एक युवक बाराती की जेब में हाथ डाल रहा था। उसने जेब से पैसे निकाले और सीधे बाहर की ओर निकल गया। 

पुलिस से नहीं की शिकायत
गांववालों ने बताया कि ये शादी गांव के एक नामी परिवार में थी। बाराती के साथ हुई इस घटना से उनकी बदनामी न हो, इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की। लेकिन, चोरी की इस घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिससे इस घटना की जानकारी लोगों को हो गई है। शादी के 4 दिन बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.