ताजमहल में शिव चालीसा का पाठ करने और भगवा झंडा लहराने वाले चार गिरफ्तार, छह महीने में दूसरी घटना

Agra: ताजमहल में शिव चालीसा का पाठ करने और भगवा झंडा लहराने वाले चार गिरफ्तार, छह महीने में दूसरी घटना

ताजमहल में शिव चालीसा का पाठ करने और भगवा झंडा लहराने वाले चार गिरफ्तार, छह महीने में दूसरी घटना

Google Image | ताजमहल में भगवा ध्वज लहराते आरोपी

Agra: एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ताजमहल के परिसर में शिव चालीसा का पाठ किया। इसके बाद इस संगठन के कार्यकर्ताओं ने परिसर में भगवा झंडे लहराए। इन सभी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में खलबली मच गई। आगरा पुलिस ने तुरंत मामले की छानबीन की। जांच में परिसर में पाथवे से सटी बेंच के पास भगवा ध्वज लहराने वाले एक युवक की पहचान हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही ताजमहल में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी विवाद जोर पकड़ने लगा है। भगवा झंडा लहराने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

ताजमहल में सोमवार को एक बार फिर नियमों को धता बताते हुए कुछ युवक धार्मिक कार्य करने लगे। इसके साथ ही ताजमहल में प्रवेश के दौरान सुरक्षा चूक का मामला उठ खड़ा हुआ। हिंदू जागरण मंच, आगरा के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर ने कुछ साथियों के साथ ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर भगवा झंडा लहराया। इन सभी ने शिव चालीसा का पाठ भी किया। इससे पहले पिछले साल विजयादशमी पर भी ताजमहल में भगवा झंडा लहराने की घटना सामने आई थी।

बताते चलें कि कोरोना संक्रमण की वजह से सुरक्षाबल पर्यटकों को बिना छूए जांच कर रहे हैं। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसी का फायदा उठाया। हिंदू जागरण मंच, आगरा के कार्यकर्ता भगवा झंडे और शिव चालीसा लेकर ताजमहल में दाखिल हो गए। सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक भी नहीं लगी। जब वीडियो वायरल हुआ तो सुरक्षाकर्मियों को घटना की जानकारी हुई।  दरअसल ताजमहल परिसर में धार्मिक गतिविधियों पर पूरी तरब पांबदी है। सिर्फ शुक्रवार के दिन परिसर में स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने की इजाजत है। इसके अलावा शाहजहां के उर्स के तीन दिनों के दौरान यहां इबादत का दौर चलता है। इसके अलावा ताजमहल में किसी अन्य तरह की धार्मिक गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित है। 

आगरा के थाना ताजगंज के पुलिस निरीक्षक उमेशचंद्र त्रिपाठी ने घटना के बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ताजमहल परिसर में एक कथित हिंदूवादी संगठन के चार सदस्यों ने सोमवार को भगवा झंडा लहराया। पता चलने पर सुरक्षा में तैनात अर्द्धसैनिक बल सीआईएसएफ के कर्मियों ने इन चारों को पकड़ लिया। बाद में उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने गौरव ठाकुर समेत चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.