अशोक अग्रवाल आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, बोले- ‘MSME को हर संभव मदद देंगे’

जिम्मेदारीः अशोक अग्रवाल आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, बोले- ‘MSME को हर संभव मदद देंगे’

अशोक अग्रवाल आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, बोले- ‘MSME को हर संभव मदद देंगे’

Tricity Today | पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल

आगरा में स्थित होटल रेडीसन में आयोजित बैठक में शाहजहांपुर के उद्योगपति अशोक अग्रवाल को वर्ष 2021-2022 के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (India Industries Association-IIA) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज सिंघल एवं केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य जेपी कौशिक ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईआईए की केंद्रीय कार्यकारी समिति की होटल रेडीसन आगरा में चुनावी बैठक की गई। आईआईए के चुनाव अधिकारी और पूर्व अध्यक्ष प्रमोद मिगलानी ने बैठक का संचालन किया और चुनाव परिणाम घोषित किए। 

जुड़ी हैं कई उपलब्धियां
डिवीजनल चेयरमैन प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष, 1960 में शाहजहांपुर जनपद में जन्मे अशोक अग्रवाल ने एम. कॉम की डिग्री हासिल की है। अशोक अग्रवाल ने 1987 में विद्या प्लाई एंड बोर्ड प्राइवेट लिमिटेड के नाम से अपना उद्योग शुरू किया। वह 1998 से आईआईए से जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह एसोसिएशन में चैप्टर, डिवीजनल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदों पर कार्यरत रहे हैं। वर्तमान में वे आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर विद्यमान थे। आईआईए गाजियाबाद चैप्टर चेयरमैन मनोज कुमार ने बताया कि आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुनाव के तुरंत बाद अशोक अग्रवाल का कार्यकाल 1 जुलाई 2021 से प्रारंभ होगा। 

पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे
उन्होंने वर्ष 2021-22 के लिए अपनी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा, उनकी मुख्य प्राथमिकता सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के माहौल में बढ़ावा देना है। वह राज्य और केंद्र सरकारों के साथ बातचीत करके एमएसएमई सेक्टर के अनुकूल नीतियों व योजनाओं को तैयार कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना की इस विपरीत स्थिति में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते एमएसएमई को सहायता देने हेतु हर संभव प्रयास के लिए तत्पर हैं। वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज कुमार तथा पूरी आईआईए की टीम ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल को बधाइयां दी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.