भूपेंद्र चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, जानिए कौन हैं

Uttar Pradesh से बड़ी खबर : भूपेंद्र चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, जानिए कौन हैं

भूपेंद्र चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, जानिए कौन हैं

Tricity Today | भूपेंद्र चौधरी

Lucknow | Noida : उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस लगभग खत्म हो चुका है। योगी आदित्यनाथ सरकार में पंचायतराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। आपको बता दें कि भूपेंद्र चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर केंद्रीय कार्यालय के प्रभारी और महामंत्री अरुण सिंह ने यह घोषणा की है। केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच उनकी ताजपोशी को लेकर सहमति बन चुकी है। आपको बता दें कि पिछले करीब तीन-चार महीनों से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को फाइनल करने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में रस्साकशी चल रही थी।

कौन हैं भूपेंद्र चौधरी
भूपेंद्र चौधरी यूपी की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में पंचायतराज मंत्री हैं। पिछले कार्यकाल में भी वह इसी विभाग को संभाल रहे थे। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के ठीक बाद विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। वयोवृद्ध हृदय नारायण दीक्षित की खाली हुई सीट पर भूपेंद्र चौधरी का चुनाव हुआ था। फिर वह उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायतराज मंत्री बने। चौधरी जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वह मुरादाबाद में छजलेट खंड विकास क्षेत्र के गांव महेन्द्री सिकंदरपुर के निवासी हैं। लंबे अरसे से भारतीय जनता पार्टी में राजनीति कर रहे हैं। भूपेंद्र चौधरी को संगठन का माहिर माना जाता है।

तीन बार वेस्ट यूपी बीजेपी के अध्यक्ष रहे
भूपेंद्र चौधरी को भारतीय जनता पार्टी के संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वह तीन बार पश्चिम उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने वेस्ट यूपी भाजपा की कमान साल 2012 में संभाली थी। पहले उन्हें क्षेत्रीय संयोजक नियुक्त किया गया था। इसके बाद पार्टी ने नियमित करते हुए दो बार लगातार क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया था। वह 2017 तक वेस्ट यूपी बीजेपी की कमान संभाले रहे। इसी दौरान 2014 का लोकसभा चुनाव और फिर 2017 का विधानसभा चुनाव पार्टी ने लड़ा था। जिसमें पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा को ऐतिहासिक कामयाबी मिली थी।

सरल स्वभाव और साफगोई के लिए मशहूर
भूपेंद्र चौधरी को सरल स्वभाव का नेता माना जाता है। उनकी संगठन पर बेहद मजबूत पकड़ है। खास बात यह है कि ना केवल पश्चिम उत्तर प्रदेश बल्कि अवध, रोहिलखंड, ब्रज और बुंदेलखंड में भी भूपेंद्र चौधरी की अच्छी पकड़ है। उत्तर प्रदेश भाजपा के तमाम अध्यक्षों के साथ उन्हें काम करने का अनुभव है। भूपेंद्र चौधरी ने विनय कटियार, रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकांत वाजपेई, केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह के साथ पार्टी में काम किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.