मेरी राजनीतिक हत्या की हुई कोशिश

मेरठ में श्रीकांत त्यागी का बड़ा आरोप : मेरी राजनीतिक हत्या की हुई कोशिश

मेरी राजनीतिक हत्या की हुई कोशिश

Tricity Today | श्रीकांत त्यागी

Meerut : जेल से छूटने के बाद शुक्रवार को श्रीकांत त्यागी मेरठ पहुंचे। मेरठ में त्यागी समाज उनके समर्थन में दो महीनों से धरना-प्रदर्शन कर रहा है। धरना स्थल पर पहुंचकर श्रीकांत त्यागी ने कहा, "कूटरचित तरीके से मेरी राजनीतिक हत्या करने की कोशिश की गई है। भाजपा के चार नेताओं के इशारे पर पूरा षड्यंत्र रचा गया है। जेल से रिहा होने के बाद नोएडा के गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी शुक्रवार को मेरठ पहुंचे।

श्रीकांत त्यागी ने कहा कि उन्हें कूटरचित तरीके से फंसाया गया है और उनकी राजनीतिक हत्या करने की कोशिश भी की गई है। उन्होंने कहा कि 15 सालों से वह समाज की सेवा कर रहे हैं और इस मुश्किल समय में उनका समाज के हर वर्ग ने साथ दिया है। इस दौरान श्रीकांत त्यागी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 4 नेताओं के इशारे पर उनके खिलाफ षडयंत्र रचा गया है। 

आपको बता दें कि बीती 25 अगस्त से श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज मेरठ के कमिश्नरी पार्क में प्रदर्शन कर रहा है। जिसमें भारी तादाद में त्यागी समाज के लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो रहे थे। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला से बदसलूकी के बाद श्रीकांत त्यागी को अगस्त में गिरफ्तार कर लिया गया था। श्रीकांत त्यागी को जमानत पर जेल से रिहा किया गया। इसके बाद गुरुवार की शाम श्रीकांत त्यागी जेल से बाहर आए और शुक्रवार को श्रीकांत त्यागी मेरठ में कमिश्नरी पार्क में चल रहे धरने में पहुंचे।

श्रीकांत ने त्यागी समाज के लोगों के बीच पहुंचकर सहयोग पर आभार जताया। इस दौरान श्रीकांत त्यागी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि उनकी राजनीति धूमिल करने और उनके भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है। हमें एक पूर्व प्रायोजित तरीके से बदनाम करने की कोशिश की गई है। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि चार लोग हैं। उन्होंने चार भाजपा नेताओं की तरफ इशारा करते हुए बिना किसी का नाम लिए इस बात को कहा है। इस दौरान जब श्रीकांत त्यागी से अगले कदम के बारे में पूछा गया कहा कि उनका समाज सर्वोपरि है। मेरा समाज मुझे अपना नेता और अपना बेटा मानकर समर्थन दे रहा है। जो समाज तय करेगा, वह उसी पर अमल करेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.