रामपुर की जीत पर बोले मोहित बेनीवाल- जनता ने बड़बोलों का तोड़ा घमंड, मेरे लिए तो सबसे बड़ी उपलब्धि

त्वरित प्रतिक्रिया : रामपुर की जीत पर बोले मोहित बेनीवाल- जनता ने बड़बोलों का तोड़ा घमंड, मेरे लिए तो सबसे बड़ी उपलब्धि

रामपुर की जीत पर बोले मोहित बेनीवाल- जनता ने बड़बोलों का तोड़ा घमंड, मेरे लिए तो सबसे बड़ी उपलब्धि

Tricity Today | मोहित बेनीवाल

Meerut : समाजवादी पार्टी और मोहम्मद आजम खान का गढ़ कहे जाने वाले रामपुर में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। यहां लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने समाजवादी पार्टी को 37,997 वोटों से करारी शिकस्त दी है। जीत हासिल करने के तुरंत बाद वेस्ट यूपी बीजेपी के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने 'ट्राईसिटी टुडे' से बात की। उन्होंने कहा, "रामपुर की जनता ने बड़बोलों का घमंड तोड़ दिया है। मैं इसे अपने कार्यकाल की सबसे शानदार जीत मानता हूं। यह भारतीय जनता पार्टी की इस पारी में अंतिम गेंद पर सिक्सर है।"

मोदी-योगी सरकारों की नीतियां आम आदमी को पसंद
मोहित बेनीवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियां आम आदमी को पसंद हैं। जनता उन्हें प्यार कर रही है। योगी आदित्यनाथ का जादू राज्य की जनता के सिर चढ़कर बोल रहा है। ऐसे में विपक्ष को यह बात पसंद आए या ना आए, क्या फर्क पड़ता है। विपक्ष हर चुनाव हार रहा है। हार से सबक लेने की बजाय केवल सरकार की जनहित वाली नीतियों का विरोध करके खुद को जनता से और दूर कर रहे हैं। रामपुर में भारतीय जनता पार्टी की जीत पूरे विपक्ष के लिए बड़ा सबक है।" मोहित बेनीवाल ने सपा नेता मोहम्मद आजम खान का नाम लिए बिना कहा, "जो लोग रामपुर को अपनी सल्तनत और बपौती समझते थे, उन्हें जनता ने आईना दिखा दिया है। यह लोकतंत्र है। यहां किसी का एकाधिकार नहीं है। जो जनता के लिए काम करेगा, जनता के दिल में जगह बनाएगा, उसे ही जनता सेवा करने का मौका देगी। घमंड जनता को पसंद नहीं आता है।"

मोहित बेनीवाल की व्यक्तिगत रूप से बड़ी उपलब्धि
रामपुर लोकसभा सीट वेस्ट यूपी भारतीय जनता पार्टी के दायरे में आती है। पिछले करीब 3 वर्षों से मोहित बेनीवाल वेस्ट यूपी बीजेपी के अध्यक्ष हैं। इस दौरान मोहित बेनीवाल की रणनीति की बदौलत पार्टी ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक बड़ी कामयाबी हासिल की हैं। मोहित बेनीवाल के कार्यकाल में लोकसभा, विधानसभा, पंचायत, विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव हुए हैं। पिछले दिनों विधान परिषद स्थानीय निकाय चुनाव में भी रामपुर सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। मोहित बेनीवाल की रणनीति की बदौलत पार्टी ने विधान परिषद चुनाव में कामयाबी हासिल की। अब लंबे अरसे बाद रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा कामयाब हुई है। दरअसल, रामपुर लोकसभा सीट को मोहम्मद आजम खान का अपराजेय गढ़ कहा जाने लगा था। यह जीत निश्चित रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भाजपा का मनोबल बढ़ाने वाली है।

भाजपा के युवा तुर्क बनकर उभरे हैं मोहित बेनीवाल
आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग करने के बाद मोहित ने भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठन युवा मोर्चा में कदम रखा। धीरे-धीरे आगे बढ़ने वाले बेनीवाल अब एक मंझे हुए नेता बन चुके हैं। बड़ी बात यह है कि वह पिछले 3 वर्षों से बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील समझे जाने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष में मोहित बेनीवाल उम्र के लिहाज से सबसे छोटे हैं। शामली के मूल निवासी मोहित जाट बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले कहा गया कि जाट समुदाय उनकी पार्टी से नाराज है। ऐसे में सजातीय समाज को भाजपा के साथ बरकरार रखकर मोहित बेनीवाल ने अपनी राजनीतिक समझ और रणनीति का लोहा मनवाया था। लाइमलाइट से दूर रहकर संगठन के लिए चुपचाप काम करने वाले मोहित बेनीवाल भारतीय जनता पार्टी की नई पीढ़ी वाले नेताओं में बड़ी हैसियत हासिल कर चुके हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.