'बड़ी रामभक्त बनती हो, 72 घंटे में परिवार समेत मारी जाओगी'

अलीगढ़ में भाजपा की नेता रूबी आसिफ खान को मिली धमकी : 'बड़ी रामभक्त बनती हो, 72 घंटे में परिवार समेत मारी जाओगी'

'बड़ी रामभक्त बनती हो, 72 घंटे में परिवार समेत मारी जाओगी'

Tricity Today | BJP leader Ruby Asif Khan

Aligarh News : अलीगढ़ जिले के शाहजमाल के माबूद नगर निवासी भाजपा की नेता रूबी आसिफ खान को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें एक धमकी भरा पत्र मिला है। इसमें लिखा है कि 'बहुत बड़ी राम भक्त बनती हो, 72 घंटों में परिवार समेत जान से मार देंगे।' सीसीटीवी कैमरे में एक आरोपी पत्र फेंकते हुए नजर आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बता दें कि उन्होंने अभी हाल ही में अपने घर में राम दरबार सजाकर पूजा की थी। वह गणेश उत्सव में अपने घर गणपति की स्थापना कर चर्चा में आईं थीं। वह इसके लिए कट्टरपंथियों के निशाने पर भी आ चुकी हैं।

पहले भी चल चुकी है गोली
भाजपा जयगंज मंडल की उपाध्यक्ष रूबी आसिफ खान ने 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसमें कहा था कि 22 जनवरी को भगवान श्रीराम अयोध्या में राम मंदिर में विराजमान होंगे। इसके चलते एक से 22 जनवरी तक माबूद नगर स्थित उनके आवास पर श्रीराम की पूजा चलेगी। कुछ जेहादी मेरी पूजा में कई बार विघ्न डाल चुके हैं। मेरे ऊपर गोली भी चला चुके हैं। एक बार मेरी बेटी के पेट में गोली लगी थी और फतवा भी जारी हो चुके हैं। मेरे मोहल्ले में पोस्टर तक लगा दिए थे कि यह हिंदू बन गई है। इसे पूरे परिवार सहित जिंदा जला दो। ऐसे में कोई भी घटना हो सकती है।

लेटर डालने वाला सीसीटीवी में कैद
रूबी आसिफ खान ने बताया कि वह अपन घर पर मौजूद थीं। तभी किसी शख्स ने उनके घर में लेटर डाला। जब रूबी ने लेटर पढ़ा तो वह घबरा गईं। रूबी ने बताया कि लेटर में उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्हें ये लेटर घर के दरवाजे के नीचे से डाला गया है। जब घर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो उसमें एक युवक घर में लेटर डालते हुए देखा गया है।

आरोपी की तलाश
गुरुवार रात किसी ने उनके घर पर धमकी भरा पत्र फेंक दिया। इसकी शिकायत रूबी ने थाना रोरावर में दी है। सीओ प्रथम अभय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी नजर आ रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.