आजम खां के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने वाले भाजपा विधायक को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी

UP News : आजम खां के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने वाले भाजपा विधायक को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी

आजम खां के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने वाले भाजपा विधायक को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी

Google Image | Symbolic Image

Rampur :  सपा कद्दावर नेता आजम खां के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने वाले भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की केंद्र सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई है। अब विधायक उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ ही सीआरपीएफ कमांडो के सुरक्षा घेरे में चलेंगे। वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देश में गिने चुने नेताओं के पास ही है।

आजम के धुर विरोधी हैं आकाश सक्सेना
शहर विधायक आकाश सक्सेना सपा नेता आजम खां के धुर विरोधी हैं। उन्होंने आजम खां और उनके परिवार के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए हैं। इनमें आजम खां के बेटे अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट और दो पैन कार्ड के मुकदमे भी शामिल हैं। इसमें दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में आजम खां, उनकी पत्नी पूर्व सांसद डा. तजीन फातिमा और बेटा अब्दुल्ला तीनों नामजद हैं। यह मुकदमा फैसले के करीब आ गया है। इसमें गवाही की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में अंतिम बहस चल रही है। इसके पूरा होने के बाद अदालत कभी भी फैसला सुना सकती है।

भड़काऊ भाषण मामले में आजम को हुई थी तीन साल की सजा
27 अक्टूबर 2022 को आजम खां को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) से भड़काऊ भाषण के एक मामले में तीन साल की सजा होने पर उनकी विधायकी चली गई थी। इसके दो माह बाद शहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। आठ दिसंबर को आए परिणाम में भाजपा के आकाश सक्सेना ने सपा के आसिम राजा को हरा दिया था। शहर विधानसभा क्षेत्र आजम खां का गढ़ कहा जाता था। आजम खां ने फरवरी 2022 में सीतापुर जेल में रहकर भी इस सीट से विधानसभा चुनाव जीता था।

आजादी के बाद पहली बार भाजपा के खाते में आई जीत
आजादी के बाद पहली बार आकाश सक्सेना की बदौलत यह सीट भाजपा के खाते में आई। उसके बाद आकाश सक्सेना प्रदेश और केंद्र के शीर्ष नेताओं की नजरों में आ गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें जीत की बधाई दी थी। माना जा रहा है कि इन सभी कारणों के चलते केंद्र सरकार उन पर मेहरबान है। इसी के चलते उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। अब वह पूरे भारत में कहीं भी वाई प्लस सुरक्षा में जाएंगे। 

यूपी पुलिस के अलावा एक प्लाटून सीआरपीएफ के जवान करेंगे सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि भाजपा के शहर विधायक को वाई प्लस सुरक्षा मिली है। इसके अंतर्गत सीआरपीएफ की एक प्लाटून होती है, जिसमें 18 जवान शामिल होते हैं। ये जवान आधुनिक हथियारों से लैस होते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी सुरक्षा में रहते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.