भाई ही निकला भाई का हत्यारा, पुलिस की जांच में हुआ यह अहम खुलासा

फिरोजाबाद : भाई ही निकला भाई का हत्यारा, पुलिस की जांच में हुआ यह अहम खुलासा

भाई ही निकला भाई का हत्यारा, पुलिस की जांच में हुआ यह अहम खुलासा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक भाई ने ही दूसरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इसका पता चलने के बाद से ही इलाके में हर तरफ कलयुगी भाई के काले कारनामों की चर्चा हो रही है। लोग आरोपी भाई को कोस रहे हैं। मामला फिरोजाबाद के सिरसागंज थाने का है। मृतक की लाश 11 दिसंबर को सिरसागंज थाना क्षेत्र के नहर किनारे एक मैरिज होम के पास मिली थी। उसका नाम सत्यवीर था। पुलिस ने मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू की और गुरुवार को मामले के असली गुनहगार तक पहुंचने में सफलता मिली। 

पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर  लिया है। उसका एक साथी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेश कुमार ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 दिसम्बर को सिरसागंज  थाना क्षेत्र के नहर किनारे एक मैरिज होम के पास सत्यवीर का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि मृतक की हत्या हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस की जांच में पता चला कि उसकी हत्या उसके ही भाई मनोज ने की है। 

पुलिस को कॉल डिटेल और दूसरे साक्ष्य मिले थे। इनके आधार पर मनोज को हिरासत  में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। मनोज ने अपने भाई की हत्या का जुर्म कबूल किया। हत्याकांड में उसका एक साथी बन्टू उर्फ नेपाली भी शामिल था। पूछताछ में मनोज ने बताया कि उसका भाई सत्यवीर शराबी था। सत्यवीर ने मनोज की पत्नी के साथ अश्लील हरकत कर दी थी। जिस  वजह से मनोज की पत्नी एक साल पहले मायके चली गई। मनोज ने पत्नी को वापस बुलाने की काफी  कोशिश की, पर उसने आने से मना कर दिय। 

इससे क्षुब्ध मनोज ने नेपाली के साथ मिलकर भाई सत्यवीर की हत्या की योजना बनाई। दोनों सत्यवीर को शराब पिलाने के बहाने नहर किनारे ले गए। इसके बाद दोनों ने पहले मफलर और फिर रस्सी से गला दबाकर सत्यवीर की हत्या कर दी। पुलिस मनोज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। दूसरे आरोपी बंटू की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.