2017 से अब तक तीन लाख बेटियों के हाथ हुए पीले, बढ़ाई गयी धनराशि

गोरखपुर में 15 सौ जोड़ों के अभिभावक बने सीएम योगी : 2017 से अब तक तीन लाख बेटियों के हाथ हुए पीले, बढ़ाई गयी धनराशि

2017 से अब तक तीन लाख बेटियों के हाथ हुए पीले, बढ़ाई गयी धनराशि

uttar pradesh times | मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह

Gorakhpur News(अमित श्रीवास्तव) : सीएम योगी शनिवार को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में 1500 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में पहुचें। विवाह समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब सरकार संवेदनशील होती है, तो गरीब-कमजोर लोगों की सुनवाई होती है। उन्हें बिना किसी भेदभाव के पूरी पारदर्शिता के साथ शासन की योजनाओं का लाभ मिलता है। केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार ऐसी ही संवेदनशील सरकार है। यह सरकार बिना भेदभाव शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तो पहुंचा ही रही है। साथ ही जन सहयोग से समाज की कुरीतियों को समाप्त करने का भी प्रयास कर रही है।

दहेज की बुरी रीत को समाप्त करना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि दहेज की बुरी रीत से कई गरीब परिवार विवाह के पवित्र यज्ञ से वंचित हो जाते थे। बाल विवाह से पूरी तरह छुटकारा पाने के साथ दहेज के अत्याचार को समाप्त करने की दिशा में यह आयोजन अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमें समाज में किसी भी ऐसी कुरीति को पनपने नहीं देना है, जो समाज के विकास में बाधक हो।

तीन लाख बेटियों के हुए हाथ पीले
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक तीन लाख बेटियों के हाथ पीले तक हो चुके हैं। वर्ष 2017 से पहले प्रति जोड़े विवाह पर 31 हजार रुपये खर्च किए जाते थे। और बाद में इस रकम को बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दी गई।

महिला सशक्तीकरण केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘मातृ वंदना योजना’ जैसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए सरकार ने संसद में एक नया विधेयक भी पारित किया है। जिसमें ग्राम पंचायत और नगर निकायों की तर्ज पर संसद व विधानसभाओं में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ प्राप्त होगा। 

महिलाओं को उज्ज्वला योजना का मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 75 लाख और देश में 9 करोड़ 60 लाख महिलाओं को ‘उज्ज्वला योजना’ का लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत अब होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर मिलना भी शुरू हो चुका है।

25 हजार रुपये होगी कन्या सुमंगला योजना की राशि
सीएम योगी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को और मजबूती देने के लिए उत्तर प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ के तहत बेटी के जन्म से उसकी पढ़ाई तक 15000 रुपये का पैकेज उपलब्ध कराया जाता है। नए वित्तीय वर्ष में इसे बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिया जाएगा। बेटी की पढ़ाई तो मुक्त होगी ही, उसके अन्य खर्चो के लिए भी इस योजना से राशि मिलेगी।

सामूहिक विवाह के कार्यक्रम आनंद का अद्भुत क्षण
सीएम योगी ने सामूहिक विवाह के कार्यक्रम को आनंद का अद्भुत क्षण बताया। सीएम योगी ने कहा कि किसी एक शादी में समय निकाल पाना मुश्किल होता है। लेकिन आज का आयोजन ऐसा शुभ और बड़ा कार्यक्रम है, जहां मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी वर-वधु पक्ष के लोगों का स्वागत करने आए हैं।

दस नवयुगलों को प्रमाण पत्र और उपहार भेंट
समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में 1500 जोड़े विवाह के पावन बंधन में बंधे। नवयुगलों में हिन्दू, मुस्लिम दोनों शामिल रहे। सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से दस नवयुगलों को प्रमाण पत्र और उपहार-शगुन किट भेंट किया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया।

“सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी बन रहा सर्वोत्तम प्रदेश”: संजय निषाद
समारोह में प्रदेश सरकार के मत्स्य विकास विभाग के मंत्री डॉ संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पहले कमजोर वर्गों की चिंता किसी ने नहीं की थी। उनके द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं का परिणाम प्रदेश के हर क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। सीएम योगी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है।

कार्यक्रम में पहुचें ये लोग
कार्यक्रम को बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान और गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ विमलेश पासवान, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह आदि भी उपस्थित रहे। (उत्तर प्रदेश टाइमस)

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.