पूरा उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण महामारी से प्रभावित घोषित, राज्यपाल ने की घोषणा

BIG BREAKING : पूरा उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण महामारी से प्रभावित घोषित, राज्यपाल ने की घोषणा

पूरा उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण महामारी से प्रभावित घोषित, राज्यपाल ने की घोषणा

Google Photo | राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

पूरे उत्तर प्रदेश को कोरोनावायरस संक्रमण के कारण व्याप्त महामारी से प्रभावित घोषित कर दिया गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यह घोषणा जारी की है। इस बारे में गुरुवार को राज्य के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने आदेश जारी किया है। राज्यपाल ने यह आदेश उत्तर प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं महामारी रोग नियंत्रण अधिनियम 2020 की धारा-3 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी किया है।

कोरोनावायरस संक्रमण फैलने के बाद पिछले वर्ष भी यह आदेश मार्च के महीने में जारी किया गया था। अब एक बार फिर पूरे राज्य में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है। बचाव और राहत कार्यों को अंजाम देने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यह घोषणा की है। अब महामारी अधिनियम के तहत राज्य सरकार और जिला प्रशासन को बचाव व रोकथाम करने में सहूलियत होगी। आपको बता दें कि गुरुवार को पूरे उत्तर प्रदेश में संक्रमण के 2,600 नए मामले सामने आए हैं। राज्य की राजधानी लखनऊ में सबसे ज्यादा 935 केस रजिस्टर्ड किए गए हैं। पूरे प्रदेश में इस वक्त अस्पतालों में भर्ती या होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की संख्या 11,918 है।

दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर में पिछले 24 घंटों के दौरान 93 नए केस रजिस्टर्ड किए गए हैं। जिसके बाद जिले में अब तक कुल मरीजों की संख्या 26,102 हो चुकी है। इनमें से 25,703 लोग स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं। अभी जिले के अस्पतालों में 399 मरीज भर्ती हैं। इस महामारी के कारण गौतमबुद्ध नगर जिले में अब तक 91 लोगों की मौत हो चुकी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.