सीतापुर जेल में आजम खान से मिले कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम, बोले - उनके साथ हुई ज्यादती

Uttar Pradesh : सीतापुर जेल में आजम खान से मिले कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम, बोले - उनके साथ हुई ज्यादती

सीतापुर जेल में आजम खान से मिले कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम, बोले - उनके साथ हुई ज्यादती

Tricity Today | Pramod Krishnam

Sitapur : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के बाद सोमवार को कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम जिला कारागार में बंद आजम खां से मुलाकात करने पहुंचे। वहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे आजम से मुलाकात की। इसके बाद कारागार से बाहर निकले प्रमोद कृष्णम ने कहा कि उनके साथ बहुत ज्यादती हुई है। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ एक साधु हैं। साधु होने के नाते उनका हृदय विराट होना चाहिए। उनका भाव समदर्शी होना चाहिए। उनके राज में निर्दोष पर जुर्म होना अपने आप में अन्याय है।

प्रमोद कृष्णम को आजम ने खिलाया खजूर
 वह आजम से मिलकर कोई रणनीति बनाने नहीं आए थे बल्कि उनका हालचाल जानने आए थे। आजम खां पर बहुत ज्यादती हुई है। उन्होंने कहा कि आजम खां ने काफी देर उनसे मुलाकात कर बातचीत की। इस दौरान आजम ने उनको खजूर भी खिलाया। प्रमोद कृष्णम ने आजम खां को गीता भी भेंट की। कृष्णम ने कहा कि गीता धर्म और सत्य का ग्रंथ है। असत्य पर सत्य की विजय का ग्रंथ है।

शुक्रवार को मिलने गए थे शिवपाल
बीते शुक्रवार को प्रसपा मुखिया एवं सपा विधायक शिवपाल यादव आजम खान से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद शिवपाल ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि 10 बार के विधायक आजम भाई विधानसभा में सबसे सीनियर लीडर हैं। लोकसभा और राज्यसभा में भी रह चुके हैं। उनके लिए समाजवादी पार्टी को आंदोलन करना चाहिए था। साथ ही कहा कि आजम खान की मदद समाजवादी पार्टी नहीं कर रही है। यह एक दुर्भाग्य है। समाजवादी पार्टी को मदद करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि आजम आज विधानसभा में सबसे सीनियर नेता और सपा के फाउंडर मेंबर है। लोकसभा के भी सदस्य है। ऐसे में नेता जी की अगुवाई में आजम खान का मामला रखना चाहिए था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.