पंखे में आए करंट ने ले ली चार मासूम भाई बहनों की जान

उन्नाव से दुखद खबर : पंखे में आए करंट ने ले ली चार मासूम भाई बहनों की जान

पंखे में आए करंट ने ले ली चार मासूम भाई बहनों की जान

Tricity Today | घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी

Unnao News : उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बड़ी और दुखद खबर आ रही है। यहां बारासगवर थाना क्षेत्र के लालमन खेड़ा गांव में घर में रखे फर्राटा पंखे में करंट उतर आया। उसकी चपेट में एक के बाद चार बच्चे आ गए। इस हादसे में चारो मासूमों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, लालमन खेड़ा निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद के घर में फर्राटा पंखा रखा था। उसका प्लग लगा हुआ था और उसमें करंट आ रहा था। इस बात की किसी को जानकारी नहीं थी। रविवार की शाम पास में खेल रहे एक बच्चे ने उसे छू लिया। वह करंट की चपेट में आ गया। चीख सुनकर पास में मौजूद तीन बच्चे भी उसके पास पहुंच गये और एक के बाद एक सभी करंट की चपेट में आ गये। करंट लगने से मयंक (9) हिमांशी (8) हिमांक (6) मानसी (4) की मौत हो गयी। बताया जा रहा है आपस में सभी भाई-बहन थे। 

मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। लोग परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हादसे की जानकारी बारासगवर थाना पुलिस को मिली तो थानाध्यक्ष दिलीप प्रजापति ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की है। उन्होंने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

क्या कहती है पुलिस
उन्नाव के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि बारासगवर थाना क्षेत्र के लालमन खेड़ा गांव में घर में रखे फर्राटा पंखे में करंट आने और उसकी चपेट में आने से चार बच्चों की मौत की खबर मिली है। पुलिस मौके पर है और जांच की जा रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि पंखे में करंट कैसे आया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.