बच्चे से झूठ बोलकर बोरी में रखकर फिंकवाया भ्रूण, जानिए क्या कहा महिला ने

यूपी के अलीगढ़ में शर्मनाक घटना : बच्चे से झूठ बोलकर बोरी में रखकर फिंकवाया भ्रूण, जानिए क्या कहा महिला ने

बच्चे से झूठ बोलकर बोरी में रखकर फिंकवाया भ्रूण, जानिए क्या कहा महिला ने

Google Image | Symbolic

Aligarh news : अलीगढ़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने एक बच्चे से झूठ बोलकर बोरी में रखा एक भ्रूण फिंकवाया है। इसे फेंकने के लिए महिला ने बच्चे को 100 रुपए भी दिए। महिला ने बच्चे से कहा कि इस बोरी में कुत्ते का मरा हुआ पिल्ला है। इसके बाद बच्चे द्वारा बोरी फेंकते हुए मोहल्ले के लोगों ने देख लिया और उससे पूछताछ की। लोगों को शक हुआ, तो उन्होंने बोरी खोल कर देखी, तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस जानकारी करने में जुटी है।

बोरी खोलते ही उड़े लोगों के होश
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र स्थित एक पोखर में एक बच्चा बोरी में बंद कुछ चीज फेंकने पहुंचा। बच्चे को ऐसा करते हुए वहां कुछ लोगों ने देख लिया। लोगों ने बच्चे से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे यह फेंकने के लिए एक महिला ने दिया है। जिस पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने बोरी खोल कर देखी। बोरी खोलते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। बोरी में एक भ्रूण था। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों और बच्चे से जानकारी की। इसके बाद पुलिस ने वहां से बरामद भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बच्चे को बताया था मरा हुआ पिल्ला
बच्चे से पुलिस और लोगों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी मां घरों और कोठियों में काम करती है। वह अपनी मां के साथ गया था, तभी रास्ते में उसे एक महिला मिली थी। महिला ने उसे 100 रुपए दिए और एक बोरी भी दी थी। महिला ने बच्चे को बताया था कि इस बोरी में मरे हुए कुत्ते का पिल्ला है। जिसे वह कहीं फेंक दे। बोरी फेंकने के एवज में ही उसे 100 रुपए दिए गए थे। बच्चे ने बताया कि उसे नहीं पता था कि बोरी में क्या है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। पुलिस में पोस्टमार्टम के बाद भ्रूण को दफना दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.