पहले चरण का मतदान कल, 8 लोकसभा के 80 उम्मीदवारों की भविष्य का 1 करोड़ 44 लाख मतदाता करेंगे फैसला

लोकसभा चुनाव 2024 : पहले चरण का मतदान कल, 8 लोकसभा के 80 उम्मीदवारों की भविष्य का 1 करोड़ 44 लाख मतदाता करेंगे फैसला

पहले चरण का मतदान कल, 8 लोकसभा के 80 उम्मीदवारों की भविष्य का 1 करोड़ 44 लाख मतदाता करेंगे फैसला

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Lucknow News : उत्तर प्रदेश के 8 लोकसभा क्षेत्रों में कल 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने गुरुवार को एक प्रेस बयान में इसकी विस्तृत जानकारी दी। इन 8 लोकसभा क्षेत्रों में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना (अनुसूचित जनजाति), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत शामिल हैं। यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कुल 1 करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता इन सीटों पर मतदान करेंगे। सबसे अधिक 20.60 लाख मतदाता मुरादाबाद में हैं, जबकि सबसे कम 16.45 लाख मतदाता नगीना में हैं। इन सीटों पर कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 7 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।

आठों लोकसभा क्षेत्रों में 14,845 मतदान केंद्र बनाए गए
निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 14,845 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 3,571 को क्रिटिकल माना जा रहा है। 50% मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। व्यवस्था को देखने के लिए कई अधिकारियों को भी नियुक्त किया गया है। आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी की गई है।

आयोग ने 1.43 करोड़ वोटर स्लिप बांटी
आयोग ने 1.43 करोड़ (99.27%) से अधिक मतदाताओं को वोटर स्लिप भी बांटी है, जिससे वे अपने मतदान केंद्र के बारे में जान सकेंगे। इसके अलावा, कुल 28.45 लाख वोटर गाइड भी वितरित की गई हैं। चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्ण और बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। वोटर हेल्पलाइन पर किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह सारी जानकारी दी गई हैं।

कहां कितने उम्मीदवार लड़ रहे हैं चुनाव
कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 7 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। सबसे अधिक 14 उम्मीदवार कैराना सीट से हैं, जबकि नगीना और रामपुर से सबसे कम 6-6 उम्मीदवार लड़ रहे हैं।

कल कितना दल-बल मतदान करवाएगा
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 8 सामान्य प्रेक्षक, 5 पुलिस प्रेक्षक और 10 व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। 1272 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 150 जोनल मजिस्ट्रेट, 103 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 1,861 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। आवश्यकतानुसार अर्द्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं। मतदान के लिए 18,662 ईवीएम कंट्रोल यूनिट, 18,734 बैलेट यूनिट और 19,603 वीवीपैट तैयार किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए 4,083 भारी वाहन, 5,058 हल्के वाहन और 65,380 मतदान कर्मियों को लगाया गया है।

घर बैठे मतदान लाइव देखने का इंतजाम
लगभग 50% यानी 7582 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका निरीक्षण तीन स्तरों पर किया जाएगा। 1,510 मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी की जाएगी।  

पोलिंग बूथ पर वोटरों को मिलेंगी सुविधाएं
दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और वॉलंटियर्स की व्यवस्था भी की गई है। मतदाताओं को सुविधा देने के लिए 99.27% मतदाताओं को मतदाता सूचना पत्रक वितरित किए गए हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन एप और आयोग की वेबसाइट से भी मतदान केंद्रों की जानकारी ली जा सकती है। साथ ही, 28 लाख से अधिक मतदाता गाइड भी वितरित किए गए हैं।

वोट डालने के लिए यह दस्तावेज काम करेंगे
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर से लेकर अब तक नए 11.79 लाख मतदाता फोटो पहचान पत्र भी जारी किए गए हैं। आधार, पैन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि 12 दस्तावेजों को भी मतदाता पहचान के लिए मान्य किया गया है।

हर दो घंटे में पोलिंग पर्सेंटेज जारी होगा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान प्रतिशत की जानकारी 2-2 घंटे पर मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए दी जाएगी। चुनाव से जुड़ी शिकायतें टोल-फ्री नंबर, सी-विजिल एप और वीवीपैट पर दर्ज कराई जा सकती हैं। अब तक सी-विजिल पर 448 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 233 का समय पर निस्तारण किया गया। इस चरण में अब तक 9.72 करोड़ रुपये की कीमत की शराब, नकदी और नशीले पदार्थ भी जब्त किए जा चुके हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।

पहले चरण से जुड़ी प्रमुख जानकारियां
1. 19 अप्रैल को राज्य की 8 लोकसभा सीटों - सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत पर मतदान होगा।

2. इन सीटों पर कुल 1,44,01,543 मतदाता हैं और 14,845 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

3. कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 7 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।

4. 18,662 ईवीएम कंट्रोल यूनिट, 18,734 बैलेट यूनिट और 19,603 वीवीपैट तैयार किए गए हैं।

5. लगभग 50% मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

6. महिला, युवा कर्मी और दिव्यांग वोटरों के लिए कुल 224 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

7. सी-विजिल पर अब तक 448 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से 233 का 100 मिनट के भीतर निस्तारण किया गया।

8. 16 मार्च से 17 अप्रैल के बीच करीब 9.72 करोड़ रुपये की शराब, नकदी और नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.