हनीट्रैप में फंसा कर 70 लाख की फिरौती मांगने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार, नोएडा में मुठभेड़ के बाद बरामद हुआ था छात्र

गोंडा अपहरण कांड : हनीट्रैप में फंसा कर 70 लाख की फिरौती मांगने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार, नोएडा में मुठभेड़ के बाद बरामद हुआ था छात्र

हनीट्रैप में फंसा कर 70 लाख की फिरौती मांगने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार, नोएडा में मुठभेड़ के बाद बरामद हुआ था छात्र

Social Media | गिरफ्तार महिला डॉक्टर

उत्तर प्रदेश की गोंडा पुलिस तथा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की एक टीम ने मेडिकल के छात्र गौरव हालदार अपहरण कांड में फरार आरोपी डॉ प्रीति मेहरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डॉ हरियाणा के झज्जर जिले में उसके पैतृक गांव में छिपी हुई थी। पुलिस ने प्रीति को ट्रांजिट रिमांड पर गोंडा लाकर जेल भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपी 22 जनवरी को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए थे। गोंडा पुलिस तथा यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद गौरव हालदार को सकुशल बरामद कर लिया था। 

देवीपाटन क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शैलेश कुमार पांडेय ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि, ''18 जनवरी 2021 को एससीपीएम कॉलेज में अध्ययनरत बीएएमएस प्रथम वर्ष के छात्र गौरव हालदार का कॉलेज के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसके पिता निखिल हालदार को कॉल कर 70 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी।
     
निखिल की शिकायत पर बहराइच में थाना कोतवाली नगर में मामला दर्ज किया गया था। उसके बाद पुलिस अपहृत की तलाश में जुट गयी थी। गौरव की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने 22 जनवरी को ग्रेटर नोएडा से तीन आरोपियों अभिषेक, नीतेश तथा मोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अगवा छात्र गौरव हालदार को सकुशल बरामद कर लिया गया था। मामले में दो अन्य आरोपियों रोहित सिंह तथा सतीश कुमार चौरसिया को पुलिस ने 23 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था।

आइजी ने बताया कि आरोपी प्रीति मेहरा को जिला पुलिस और एसओजी की टीम ने हरियाणा के झज्जर जिले में उसके पैतृक गांव धौर से गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पूछताछ के दौरान मेहरा ने बताया कि उसने पैसे के लालच में आकर अपने दोस्त अभिषेक और उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर गौरव हालदार को दोस्ती के जाल में फंसाया था। प्रीति ने गौरव को गोंडा आकर मिलने के लिए बुलाया और फिर अपने साथियों की मदद से उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.