केशव प्रसाद मौर्य के 29 लाख फॉलोवर्स हुए, खुशी जताई और बधाई लीं, दूसरी ओर एफआईआर का दौर जारी

ट्वीटर से प्यार भी और तकरार भी : केशव प्रसाद मौर्य के 29 लाख फॉलोवर्स हुए, खुशी जताई और बधाई लीं, दूसरी ओर एफआईआर का दौर जारी

केशव प्रसाद मौर्य के 29 लाख फॉलोवर्स हुए, खुशी जताई और बधाई लीं, दूसरी ओर एफआईआर का दौर जारी

Social Media | केशव प्रसाद मौर्य के 29 लाख फॉलोवर्स हुए

ट्विटर और भाजपा नीत सरकारों के बीच 'प्यार भी और तकरार भी' का दौर चल रहा है। एक और ट्विटर के खिलाफ धड़ाधड़ एफआईआर दर्ज हो रही हैं तो दूसरी ओर ट्विटर का भरपूर इस्तेमाल भाजपा नेता कर रहे हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य के ट्विटर पर 29 लाख फॉलोवर्स हो गए हैं। इसके लिए उन्होंने धन्यवाद संदेश ट्वीट किया है। तमाम भाजपा नेता और पदाधिकारी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। इससे पहले सोमवार को टि्वटर इंडिया के प्रबंध निदेशक के खिलाफ बुलंदशहर में एफआईआर दर्ज की गई है। गाजियाबाद के लोनी थाने में पुलिस उन्हें हाजिर होने के लिए नोटिस पर नोटिस भेज रही है।

भारत सरकार ने सोशल मीडिया से जुड़े नियम-कायदों में बदलाव करते हुए नई पॉलिसी लागू की है। जिसको लेकर ट्विटर इंडिया और केंद्र सरकार में गतिरोध चल रहा था। केंद्र ने टि्वटर इंडिया को नोटिस भेजा और भारत में पाबंदी लगाने की चेतावनी दे डाली थी। दूसरी ओर अनमने मन से टि्वटर इंडिया ने पॉलिसी को आधा-अधूरा लागू किया। इसी बीच भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेताओं के ट्विटर हैंडल ब्लॉक होने लगे। तीन-चार दिन पहले केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद का ट्विटर हैंडल ही ट्विटर इंडिया ने ब्लॉक कर दिया। करीब एक घंटे तक उनका ट्विटर बंद रहा। बाद में उसे शुरू कर दिया गया। टि्वटर इंडिया ने बताया कि अमेरिका में लागू होने वाले कानून का रविशंकर प्रसाद पालन नहीं कर रहे हैं। ट्विटर हैंडल दोबारा शुरू होने के बाद रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट करके इस पर नाराजगी भी जाहिर की थी। 

दूसरी और उत्तर प्रदेश में ट्विटर इंडिया के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से एक मुकदमा राज्य सरकार ने गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज करवाया है। जिसमें वैमनस्यता फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने जैसे गंभीर आरोप हैं। एक दूसरा मुकदमा सोमवार को बुलंदशहर में बजरंग दल के पदाधिकारी ने दर्ज करवाया है। आरोप है कि टि्वटर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर भारत का अवैध नक्शा छापा गया है। इस नक्शे में भारतीय क्षेत्र को विलोपित करके दूसरे देशों में शामिल दिखाने का आरोप है। यह भारत की अखंडता और संप्रभुता पर हमला है। लोनी थाने में दर्ज मुकदमे को लेकर पुलिस टि्वटर इंडिया के एमडी को हाजिर होने के लिए नोटिस भेज रही है। बुलंदशहर में दर्ज मुकदमे की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।

अब मंगलवार की शाम उत्तर प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया। बताया कि ट्विटर पर उनके 29 लाख फॉलोवर्स हो गए हैं। उन्होंने यह जानकारी देते हुए अपने फॉलोवर्स को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने लिखा, "आज मैं ट्विटर पर 29 लाख से अधिक शुभचिंतकों, मित्रों, अनुजों और युवाओं के विशाल परिवार का सदस्य बन कर गौरवान्वित हूँ। मैं आप सभी के स्नेह व मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करता हूँ और आशा करता हूँ कि आप सभी मुझे इसी तरह आगे भी अपने सुझाव व समर्थन से नई ऊर्जा प्रदान करते रहेंगे।" दूसरी ओर तमाम भाजपा नेता उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दे रहे हैं। 

कुल मिलाकर ट्विटर से तकरार और यह प्यार लोगों की समझ से परे है। इस पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी का कहना है, "भारतीय जनता पार्टी ने ट्विटर और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया माध्यमों का उपयोग और दुरुपयोग, दोनों जमकर किया है। अब जब अमेरिका में निजाम बदल गया है तो ट्विटर का सरकार के प्रति रवैया भी बदल गया है। यह बात भाजपा और उनकी सरकारों को नागवार गुजर रही है। यही वजह है कि ट्विटर पर मनमाना दबाव बनाने के लिए मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं। अगर ट्विटर देश के कानूनों को मानने से इंकार कर रहा है और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है तो इस ऐप को तत्काल बंद कर देना चाहिए। अब से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के सैकड़ों एप्लीकेशन बंद करवाए हैं। ट्विटर को बंद करवाने में क्या आपत्ति है।" 

राजकुमार भाटी आगे कहते हैं, "यह सरकार ही ट्विटर पर चलती है। लिहाजा, ट्विटर पर कार्रवाई करने की जानकारी भी ट्विटर पर ही देते हैं। जब व्हाइट हाउस ने प्रधानमंत्री के ट्विटर हैंडल को फॉलो कर लिया था तो उसे इंटरनेशनल खबर बनवा दिया था। सही मायनों में टि्वटर हैंडल पर दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलोवर्स होना ही इनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.