भाजपा अध्यक्ष को लिखे पत्र के गहरे मायने, बताया- कैसे नौकरी की और अब कैसे करेंगे राजनीति

इतिहास के पन्नों में AK Sharma की चिट्ठी : भाजपा अध्यक्ष को लिखे पत्र के गहरे मायने, बताया- कैसे नौकरी की और अब कैसे करेंगे राजनीति

भाजपा अध्यक्ष को लिखे पत्र के गहरे मायने, बताया- कैसे नौकरी की और अब कैसे करेंगे राजनीति

Google Image | MLC Arvind Kumar Sharma

  • उत्तर प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष तथा भाजपा के राष्ट्रीय एवं राज्य नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूं
  • पार्टी के सदस्य के रूप में देश में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहने का अपना संकल्प लेता हूं
  • विकास पुरुष पीएम नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की ऐतिहासिक यात्रा में सहायक बना
  • उनके विकास यज्ञ में अपनी छोटी-छोटी आहुति देने और उनका हाथ बंटाने का सौभाग्य मिला
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होने वाले 2022 के राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें आएंगी
गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस और उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य अरविंद कुमार शर्मा ने बीते 20 जून को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को एक भावुक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अपनी पृष्ठभूमि से लेकर गुजरात कैडर में सेवा देने तक के हर पहलू का जिक्र किया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐतिहासिक पुरुष बताते हुए कहा है, कि आगामी चुनाव जीतने में इस महान जननायक का नाम और संरक्षण पर्याप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भी भरोसा जताया है। 

एके शर्मा ने कहा है कि 2022 के राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा सीटें हासिल करेगी, ऐसा मेरा विश्वास है। अरविंद कुमार शर्मा को हाल ही उत्तर प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उसके बाद उन्होंने यह खत लिखा था। इसमें उन्होंने उन पर भाजपा नेतृत्व को भरोसा जताने के लिए धन्यवाद कहा है। अपनी चिट्ठी में उन्होंने लिखा है, “उत्तर प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष तथा भाजपा के राष्ट्रीय एवं राज्य नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूं। पार्टी के सदस्य के रूप में देश में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहने का अपना संकल्प लेता हूं। 

पूर्वांचल की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आता हूं
उन्होंने लिखा है, “मैं पूर्वांचल की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आता हूं। जन्म स्थान का काझा खुर्द की प्राथमिक विद्यालय के बाद मऊ, बलिया और प्रयागराज में पढ़ाई की। उसके बाद 1977 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित हुआ। तब से लेकर जनवरी 2021 तक की सेवा में लोगों की सेवा करता रहा। नौकरी करते हुए भी मैं अपने गांव, समाज और क्षेत्र से निरंतर जुड़ा रहा।” उन्होंने आगे लिखा है, “आईएएस की सेवा के दौरान प्रशासन के निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक सामान्य व्यक्ति की खुशहाली एवं उसके जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास करता रहा। ऐसे कार्यों के मद्देनजर सर्वश्रेष्ठ जिला विकास अधिकारी (समकक्ष) का पुरस्कार भी राज्य शासन से मिला।” 
 
पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा में सहयोगी बना
एके शर्मा ने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा है, “उसके बाद मुझे अक्टूबर 2001 से 2021 के बीच विकास पुरुष पीएम नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की ऐतिहासिक यात्रा में सहायक बन कर उनके विकास यज्ञ में अपनी छोटी-छोटी आहुति देने और उनका हाथ बंटाने का सौभाग्य मिला। मोदी जी की लंबी, सफल, विशाल एवं वैश्विक गाथा में मैं एक छोटा सा भागीदार रहा हूं। यह मात्र और मात्र उनकी कृपा है कि उन्होंने मुझे अवसर दिया। उसी कड़ी में अब भाजपा में शामिल होकर एवं देश की प्रगति में योगदान देने का सौभाग्य मिला। इसका बहुत ही गौरव अनुभव कर रहा हूं। मैं स्वयं एवं अपनी पार्टी के माध्यम से जन सेवा का कार्य करता रहूंगा।”

पीएम मोदी और सीएम योगी पर जताया भरोसा
एके शर्मा ने कहा है, “मेरे विनम्र विचार में उत्तर प्रदेश की जनता मोदी जी को आज भी उतना ही प्रेम करती है, जितना 2013-14 में करती थी। आगामी चुनाव जीतने के लिए इन महान जननायक का नाम एवं संरक्षण ही पर्याप्त है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठों का वरद हस्त भी है। मैं भी हर संभव प्रयास करूंगा और साथियों-सहयोगियों से कराऊंगा। आपके एवं आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होने वाले 2022 के राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें आएंगी, ऐसा मेरा विश्वास है। आपका स्नेह व मार्गदर्शन मिलता रहे, ऐसी अपेक्षा है।”

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.