कौन बनेगा यूपी बीजेपी का चीफ? महेश शर्मा और हरीश द्विवेदी की मुलाकात ने बढ़ाया पारा

उत्तर प्रदेश : कौन बनेगा यूपी बीजेपी का चीफ? महेश शर्मा और हरीश द्विवेदी की मुलाकात ने बढ़ाया पारा

कौन बनेगा यूपी बीजेपी का चीफ? महेश शर्मा और हरीश द्विवेदी की मुलाकात ने बढ़ाया पारा

Tricity Today | हरीश द्विवेदी और महेश शर्मा

Noida/Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन बनेगा। यह सवाल आजकल ना केवल यूपी बल्कि पूरे देश भर के राजनीतिक गलियारों में पूछा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के तमाम नेता इस पद पर आसीन होने के लिए जोड़-तोड़ करने में जुटे हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के 2 बड़े ब्राह्मण नेताओं की मुलाकात चर्चा का केंद्र बन गई है।

दरअसल, नोएडा कैलाश अस्पताल में बुधवार की शाम गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा और बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी के बीच लंबी मंत्रणा हुई है। जानकारों का कहना है कि दोनों नेताओं ने यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष पद को लेकर रणनीति तैयार की है। दरअसल, इस बार यूपी भाजपा की कमान किसी ब्राह्मण नेता को सौंपने की तैयारी चल रही है। इसी सिलसिले में राज्य के कई बड़े ब्राह्मण चेहरों के नाम इस दौड़ में शामिल है।

मिली जानकारी के मुताबिक बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी बुधवार को नोएडा पहुंचे। उन्होंने कैलाश अस्पताल पहुंचकर गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा से मुलाकात की। दोनों सांसदों के बीच करीब 1 घंटे तक बंद कमरे में लंबी चर्चा हुई है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों सांसदों के बीच उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अगले अध्यक्ष पद को लेकर मंत्रणा हुई। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेता अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। पश्चिम में डॉक्टर महेश शर्मा लोकप्रिय ब्राह्मण चेहरा है। दूसरी ओर पूर्वांचल में हरीश द्विवेदी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता और ब्राह्मण नेता है। भाजपा इस बार किसी ब्राह्मण को ही उत्तर प्रदेश में कमान सौंपना चाहती है। ऐसे में डॉ.महेश शर्मा या हरीश द्विवेदी में से कोई एक यह जिम्मेदारी संभाल सकता है।

भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों का कहना है कि इस लंबी मंत्रणा के दौरान अध्यक्ष पद को लेकर रणनीति तय की गई है। अगर भाजपा ने पश्चिम उत्तर प्रदेश से अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की तो उसके लिए डॉक्टर महेश शर्मा के नाम का समर्थन किया जाएगा। दूसरी ओर अगर पूर्वांचल से किसी ब्राह्मण चेहरे को आगे बढ़ाने की बात आई तो हरीश द्विवेदी को समर्थन मिलेगा। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों सांसदों के बीच करीब 1 घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई है। दोनों की मुलाकात के कई फोटो सोशल मीडिया पर समर्थक शेयर कर रहे हैं। दोनों के समर्थक फेसबुक और ट्विटर पर यह फोटो साझा करके प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग भी कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री हैं हरीश त्रिवेदी
बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री है। वह पहले उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। हरीश द्विवेदी और डॉक्टर महेश शर्मा ने 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। जिसमें हरीश द्विवेदी पराजित हो गए थे। दूसरी तरफ डॉ.महेश शर्मा जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। जिसके बाद वर्ष 2014 में मोदी लहर के दौरान दोनों को लोकसभा का टिकट दिया गया। इस चुनाव में हरीश द्विवेदी और डॉक्टर महेश शर्मा जीतकर संसद पहुंचे थे। हरीश द्विवेदी पिछले दो बार से सांसद हैं और अभी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री हैं। हरीश द्विवेदी बिहार के राज्य प्रभारी भी हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं डॉक्टर महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा भारतीय जनता पार्टी में अटल-आडवाणी और सुषमा-जेटली रिजिम के नेता माने जाते हैं। लंबे अरसे से पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। एक बार विधायक और दो बार सांसद का चुनाव जीत चुके हैं। ब्राह्मण समाज में डॉक्टर महेश शर्मा का बड़ा रसूख माना जाता है। मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। राजस्थान में विधानसभा चुनाव आने वाला है। ऐसे में भाजपा उन्हें यूपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर दोहरा लाभ उठा सकती है। जिस तरह यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के मूल निवासी हैं। उनकी बदौलत यूपी सहित उत्तराखंड में भी भाजपा को बड़ी जीत मिली है। यही फार्मूला भाजपा उत्तर प्रदेश में अख्तियार कर सकती है।

कई और ब्राह्मण चेहरे दौड़ में शामिल
यूपी बीजेपी की कमान संभालने के लिए सांसद डॉ.महेश शर्मा और हरीश द्विवेदी के अलावा कई और बड़े चेहरे दौड़ में शामिल है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके श्रीकांत शर्मा का नाम जोर-शोर से चला था। श्रीकांत शर्मा दूसरी बार मथुरा से विधायक चुने गए हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर डॉक्टर दिनेश शर्मा का नाम भी इस पद के लिए लिया जा रहा है। हालांकि अभी तक दिनेश शर्मा कैंप से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। तीसरा ब्राह्मण चेहरा मेरठ-सहारनपुर शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा है। श्रीचंद शर्मा अभी भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक हैं। पूर्व में वेस्ट यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पास भी लंबा राजनीतिक अनुभव है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में यूपी भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। लिहाजा आने वाले दिनों में ऐसी मुलाकातें और मेलजोल खूब देखने के लिए मिलेंगे।

पश्चिम से योगी सरकार में ब्राह्मण चेहरा नहीं
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अगला अध्यक्ष ब्राह्मण नेता होगा। उसका चुनाव वेस्ट यूपी से किया जाएगा। इस बात को समर्थन करने के लिए भाजपा के तमाम नेता तर्क दे रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि योगी आदित्यनाथ सरकार में पश्चिम उत्तर प्रदेश से किसी ब्राह्मण चेहरे को स्थान नहीं दिया गया है। इतना ही नहीं, पूरे पश्चिम से कैबिनेट स्तर के मंत्री केवल दो विधायक बनाए गए हैं। इसके पीछे की वजह है, वेस्ट यूपी से अगला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.