पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को कई विपक्षी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, सपा संरक्षक ने बनाई दूरी

राजनीति : पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को कई विपक्षी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, सपा संरक्षक ने बनाई दूरी

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को कई विपक्षी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, सपा संरक्षक ने बनाई दूरी

Tricity Today | मुलायम सिंह यादव और कल्याण सिंह

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल राजस्थान एवं हिमांचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का निधन शनिवार की रात में हुआ था। इस दौरान रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके साथ ही विपक्षी दलों के भी कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी थी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया था। 

समाजवादी पार्टी के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने श्रद्धांजलि के शब्द तक व्यक्त नहीं किए। यह मामला अब सियासी तौर पर तूल पकड़ रहा है। इस मामले पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि बाबू जी कल्याण सिंह किसी की श्रद्धांजलि के मोहताज नहीं हैं। लेकिन भगवान राम ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें, जो कि दिवंगत आत्माओं में भी तुष्टिकरण को देखते हैं। कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने सपा के इन दोनों नेताओं को आड़े हाथों लिया है।

कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय बाबू कल्याण सिंह जैसे जनप्रिय नेता को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव श्रद्धांजलि नहीं देंगे, तो इससे उनके कद पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सपा का पाप धुल जाता अगर मुलायम सिंह यादव और अखिलेश कर लेते कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन। अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलवाने वाली समाजवादी पार्टी को अपने पाप धोने का आखिरी मौका जरूर मिल जाता। लेकिन विनाशकाले काले विपरीत बुद्धि और यही इनकी तालिबानी मानसिकता को दर्शाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने श्रद्धांजलि के शब्द तक नहीं बोले। जबकि अखिलेश यादव ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया था। लेकिन उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने नहीं गए। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और मुलायम सिंह यादव एक साथ 1977 में प्रदेश की जनता पार्टी की सरकार में मंत्रिमंडल में शामिल रहे थे। जब कल्याण सिंह ने भाजपा से नाराज होकर अलग पार्टी बनाई थी तो मुलायम सिंह यादव के काफी करीब गये। उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव भी लड़ा था।

बता दें कि बसपा प्रमुख मायावती के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से राजनैतिक रिश्ते कभी भी मधुर नहीं रहे। बावजूद इसके बसपा सुप्रीमो मायावती उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लखनऊ में उनके आवास पर पहुंची थीं। उन्होंने न केवल श्रद्धासुमन अर्पित किए बल्कि उनके परिजनों से बात करके उन्हें हौसला भी दिया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.