बुढ़ापे में जगी शादी की ललक, मां-बेटी ने उसे ऐसे बनाया उल्लू

अमरोहा न्यूज : बुढ़ापे में जगी शादी की ललक, मां-बेटी ने उसे ऐसे बनाया उल्लू

बुढ़ापे में जगी शादी की ललक, मां-बेटी ने उसे ऐसे बनाया उल्लू

Google Image | symbolic Image

Amroha News : पत्नी की मौत के बाद 75 वर्षीय वृद्ध को शादी की ऐसी ललक जगी कि वह एक विधवा व उसके परिवार के झांसे में आ गया। मां-बेटी व दो बेटे उसे शादी का झांसा देकर साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए। अदालत के आदेश पर चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

साल 2021 में हो गया था बुजुर्ग की पत्नी का देहांत
रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 75 वर्षीय वृद्ध की पत्नी की मौत 2021 में हो गई थी। वृद्ध के कोई संतान नहीं है। वह खेतीबाड़ी करते हैं। लिहाजा उम्र के इस पड़ाव में उन्होंने शादी करने की सोची। साल 2022 में उनकी जान-पहचान सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी तो वृद्ध ने निकाह का प्रस्ताव रखा। विधवा की बेटी की शादी दिल्ली में हो चुकी है। उसके दो बेटे भी हैं। विधवा ने भी निकाह की हामी भर दी। भरोसे में आकर वृद्ध ने विधवा के कहने पर उसके दो बेटों को एक लाख रुपये दे दिए। उसके बाद विधवा ने निकाह करने से इन्कार कर दिया।

वह जेल चली जाएगी तो किससे करोगे निकाह
धोखा मिलने पर 14 जून 2022 में वृद्ध ने विधवा के विरुद्ध हसनपुर न्यायालय में वाद दायर कर दिया। खुद को फंसता देख विधवा व उसके बेटों ने वृद्ध से कहा कि जब वह जेल चली जाएगी तो निकाह किससे करोगे। लिहाजा दोनों पक्षों में फैसला हो गया तथा वृद्ध ने निकाह के झांसे में आकर वाद समाप्त करा दिया। इस दौरान विधवा ने पहले बेटे की शादी करने की शर्त रखी तथा उसके बाद खुद का निकाह। बेटे की शादी के नाम पर भी वृद्ध से दो लाख रुपये ले लिए। विधवा ने वृद्ध से कहा कि वह 15 फरवरी 2023 को अमरोहा आकर कोर्ट मैरिज व निकाह करेगी। लिहाजा 50 हजार रुपये का खर्च है।

बार-बार ठगा गया बुजुर्ग
15 फरवरी को विधवा के दोनों बेटे कचहरी के बाहर मिले और कोर्ट मैरिज के नाम पर कुछ कागजों पर वृद्ध के अंगूठे लगवाए। इसके बाद 50 हजार रुपये ले लिए। कुछ देर बाद फिर से जेवर व कपड़े खरीदने के नाम पर एक लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा। 22 फरवरी को चारों आरोपी वृद्ध को कचहरी के बाहर मिले तथा एक लाख रुपये और ले लिए। कपड़े व जेवर खरीदकर दो घंटे में वापस लौटकर आने का झांसा देकर चारो फरार हो गए। वृद्ध कचहरी के बाहर बैठा रहा। काफी देर होने पर जब आरोपितों के मोबाइल पर संपर्क किया तो मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने अदालत की शरण ली थी। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र पुंडीर ने बताया कि अदालत के आदेश पर मां-बेटी व उसके दोनों बेटों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.