रफ्तार के साथ महिला सशक्तिकरण की उड़ान, एनसीआरटीसी ने दी 200 बेटियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग 

Meerut News : रफ्तार के साथ महिला सशक्तिकरण की उड़ान, एनसीआरटीसी ने दी 200 बेटियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग 

रफ्तार के साथ महिला सशक्तिकरण की उड़ान, एनसीआरटीसी ने दी 200 बेटियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग 

Tricity Today | मेरठ के डीएन डिग्री कॉलेज में छात्राओं के लिए एक आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम

Meerut News :  रैपिडएक्स सेवाओं के साथ एनसीआरटीसी, महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के लिए भी प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में मेरठ के डीएन डिग्री कॉलेज में छात्राओं के लिए एक आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण दिया, जिसमें मेरठ के विभिन्न कॉलेजों से लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया।

अब तक 200 लड़कियां ले चुकी हैं ट्रेनिंग
यह कार्यक्रम एशियन डेवलेपमेंट बैंक (एडीबी) द्वारा प्रशासित जेएफपीआर (जापान फंड फॉर प्रॉस्परस एंड रेज़िलिएंट एशिया एंड द पैसिफिक) अनुदान के तत्वावधान में आयोजित किया गया। एनसीआरटीसी अपने विज़न के अनुरूप महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। इनके माध्यम से अब तक लगभग 200 लड़कियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनके अलावा, टैक्सी चालकों को प्रशिक्षण, जेंडर सेन्सटाइज़ेशन के लिए ड्राइवरों एवं कंडेक्टरों का प्रशिक्षण तथा रोज़गार के लिए कौशल विकास जैसी पहल की जाती रहती है। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं को सिलाई एवं मॉडर्न टेलरिंग के काम का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ट्रेनिंग ले रहीं छात्राओं ने कहा शुक्रिया
एनसीआर के इस क्षेत्र के निवासियों के ज्यादातर निर्णयों का आधार या पैमाना सुरक्षा रहा है। इसके अभाव का खामियाजा विशेषकर महिलाओं को भुगतना पड़ता है। इसलिए, इस कार्यक्रम की प्रतिभागी छात्राओं ने प्रशिक्षण के लिए एनसारटीसी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने उनके आत्मविश्वास में बढ़ावा करने के साथ-साथ सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ किया है। ऐसे कार्यक्रम के माध्यम से इस क्षेत्र की महिलाओं को प्रगति और सशक्तिकरण के कई महत्वपूर्ण अवसर मिलेंगे। एक कॉलेज के प्राचार्य ने भी छात्राओं को यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एनसीआरटीसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रशिक्षण उच्च शिक्षा और करियर उन्मुख छात्राओं के लिए बहुत महत्व रखता है और इस तरह की रचनात्मक पहल सराहनीय है तथा भविष्य में भी आयोजित की जाती रहनी चाहिए।

तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी एनसीआरटीसी का लक्ष्य
इस अवसर पर एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने आगामी रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आवागमन में क्रांति लाने के लिए तैयार है। 180 किमी प्रति घंटे की डिज़ाइन गति के साथ, आरआरटीएस का लक्ष्य आवागमन को कुशल और सुविधाजनक बनाने के साथ ही रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक अवसरों तक बेहतर पहुंच प्रदान करना और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करना है।

इंसान खुद का बचाव करते हैं, हथियार नहीं
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने आज की दुनिया में आत्मरक्षा की समकालीन प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने मसल मेमोरी और सीखी गई तकनीकों के लगातार अभ्यास के महत्व पर जोर दिया और कहा कि इंसान स्वयं का बचाव करते हैं, हथियार नहीं।

छात्राओं ने दी आत्मरक्षा तकनीक की प्रस्तुति
छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई आत्मरक्षा तकनीकों की एक प्रस्तुति दी। इसमें उन्होंने नए कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को उनके समर्पण और प्रशिक्षण को सफल बनाने के लिए प्रमाण पत्र और ट्रैकसूट वितरित किए गए। एनसीआरटीसी पूरे एनसीआर में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक सुरक्षित और आत्मविश्वासपूर्ण वातावरण बनाने के अपने प्रयास में दृढ़ है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.