यूपी में रात 11 बजे से लागू होगा नाइट कर्फ्यू, योगी आदित्यनाथ सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस

BIG BREAKING : यूपी में रात 11 बजे से लागू होगा नाइट कर्फ्यू, योगी आदित्यनाथ सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस

यूपी में रात 11 बजे से लागू होगा नाइट कर्फ्यू, योगी आदित्यनाथ सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस

Tricity Today | CM Yogi Adityanath

Uttar Pradesh : कोरोना वायरस महामारी की स्थिति पर नियंत्रण को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ (CM yogi Adityanath) सरकार ने नाइट कर्फ्यू में और ढील दे दी है। नई गाइडलाइंस के मुताबिक अब नाइट कर्फ्यू पूरे प्रदेश में रात 11:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा और रात 11:00 बजे तक सभी दुकानें-बाजार बंद हो जाएंगे। अब तक नाइट कर्फ्यू रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक लागू है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए टाइम टेबल के हिसाब से गाइडलाइंस जारी करने का आदेश दिया है। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट और बार जैसे कारोबारियों को ज्यादा राहत मिलेगी। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह अपने सरकारी आवास पर कोविड-19 की रोकथाम के लिए गठित टीम-9 के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, कोविड की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 11 बजे से प्रातः 06 बजे तक प्रभावी की जाए। 11 बजे तक सभी दुकानें-बाजार बंद हो जाएं। लोग अनावश्यक सड़कों पर न घूमें। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए हमें सावधान रहना होगा। अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। सीएम ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।

जारी हुआ शासनादेश
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह, अवनीश कुमार अवस्थी ने इस संबंध में सभी मंडलायुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, निरीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को शासनादेश जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि राज्य सरकार 20 अगस्त, 2021 को जारी गाइडलाइंस में संशोधन करते हुए नए शासनादेश जारी कर रही है। अब सूबे में बाजार और दूसरी गतिविधियां रात 11:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक बंद रहेंगी। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक गतिविधियां और आवागमन सामान्य रहेगा। हर बाजार अपने निर्धारित कैलेंडर के मुताबिक सप्ताह में 1 दिन बंद रहेंगे। इस दिन इनकी साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा।

28 जनपद कोरोना मुक्त हुए
राज्य सरकार के सतत प्रयासों से कोरोना की दूसरी लहर पर प्रभावी नियंत्रण है। अब सूबे में जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। मंगलावर, 7 सितंबर को प्रदेश के 28 जनपदों (अलीगढ़, अमरोहा, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कौशाम्बी, ललितपुर, महोबा, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, शामली, सीतापुर, सोनभद्र) में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहें हैं। जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गया है। रिकवरी दर 98.7 फीसदी है।

59 जिलों में नहीं मिले मामले
विगत 24 घंटे में हुई 01 लाख 82 हजार 624 सैम्पल की टेस्टिंग में 59 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया। जबकि 16 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 227 रह गई है। यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ाने का कारक बन सकती है। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना अभियान स्वरूप में की जा रही है। सीएम ने कहा कि जिला प्रशासन इन प्लांट्स के स्थापना कार्य की सतत मॉनीटरिंग करे। इन प्लांट्स के संचालन के लिए आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को  जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर पैरामेडिक्स व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का भी व्यवहारिक प्रशिक्षण कराने का आदेश दिया। 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.