झांसी में किसान की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार पटवारी और कानूनगो सस्पेंड, जल्दी गिरफ्तारी होंगी

BIG BREAKING : झांसी में किसान की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार पटवारी और कानूनगो सस्पेंड, जल्दी गिरफ्तारी होंगी

झांसी में किसान की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार पटवारी और कानूनगो सस्पेंड, जल्दी गिरफ्तारी होंगी

Tricity Today | झांसी के खेत में लटका किसान का शव

Jhansi News : झांसी में मोंठ तहसील के पटवारी और कानूनगो से त्रस्त होकर एक किसान ने रविवार की सुबह खेतों पर आत्महत्या कर ली है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए झांसी के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने आरोपी लेखपाल और कानूनगो रजिस्ट्रार को सस्पेंड कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक इन दोनों के खिलाफ किसान के बेटे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है।

दोनों को सस्पेंड किया गया : डीएम
झांसी के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने 'ट्राईसिटी टुडे' को बताया कि आरोपी लेखपाल और कानूनगो रजिस्ट्रार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ किसान के बेटे ने शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी ओर झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। आरोपी लेखपाल और कानूनगो रजिस्ट्रार के खिलाफ जिला प्रशासन के साथ सहयोग करके जांच की जा रही है। जल्दी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला
झांसी जिले के पूंछ थानाक्षेत्र में फतेहपुर एस्टेट में लगभग 70 वर्षीय रघुवीर पाल नाम का किसान परिवार के साथ रहता था। बेटे जियालाल ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसके पिता रघुवीर कई सालों से राजस्व विभाग में हदबंदी का मुकदमा लड़ रहे थे। जिसमें उसके पिता के हक में फैसला हुआ। बेटे जियालाल का आरोप है कि इसके बाद भी राजस्व निरीक्षक और लेखपाल उसके पिता को परेशान कर रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की थी, लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकला।

खेतों की हदबंदी के लिए राजस्व कर्मियों ने मांगी रिश्वत
जियालाल ने बताया कि विगत दिवस उसके पिता पुनः मोंठ तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने शिकायत की। उनसे राजस्व निरीक्षक ने 8000 रुपए और लेखपाल ने 10 हजार रुपयों की मांग की। उसके पिता ने रकम देने में असमर्थता जताई तो उसे धमकी दी गई कि वह इसी प्रकार परेशान होगा। जहां शिकायत करनी है, कर सकता है। उसका कुछ नहीं होगा।आखिर में परेशान होकर उसके पिता तहसील से घर के लिए निकले लेकिन पंहुचे नहीं। जब उनकी खोजबीन की गई तो पता चला कि उन्होंने गांव के नजदीक एक खेत पर पेड़ से फांसी लगा ली है। यह सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। रघुवीर फांसी पर लटक रहा था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.