पदयात्रा निकालने पर अड़े कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रियंका गांधी ने किया पलटवार

सियासतः पदयात्रा निकालने पर अड़े कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रियंका गांधी ने किया पलटवार

पदयात्रा निकालने पर अड़े कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रियंका गांधी ने किया पलटवार

Google Image | कांग्रेस कार्यकर्ताओं संग प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू

कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में पूरे प्रदेश में 'गाय बचाओ - किसान बचाओ' पदयात्रा निकाली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को ही इस पदयात्रा के बारे में स्पष्ट कर दिया था। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को शनिवार की दोपहर ललितपुर पुलिस ने दैलवारा कस्बे से करीब दो सौ कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मीडिया को इसकी जानकारी दी।

कांग्रेस नेताओं ने अध्यक्ष की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से कहा कि, 'जिलाध्यक्ष सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति पदयात्रा निकालने पर अड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत सहित 60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दैलवारा कस्बे से शनिवार दोपहर करीब बारह बजे गिरफ्तार कर लिया गया है।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है। ललितपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने बताया कि, "प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में आज 'गाय बचाओ - किसान बचाओ' पदयात्रा के दौरान गौशाला जाते हुए करीब दो सौ पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर दैलवारा कस्बे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के बल प्रयोग में करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं।"

उन्होंने आरोप लगाया कि, "गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा को न गाय की फ़िक्र है और न ही किसानों पर रहम है।" राजपूत ने कहा कि, "सौजना और अमझरा की गौशालाओं में बंद गायें भूखों मर रही हैं और पक्षी जिंदा गायों को नोंच-नोंच खा रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि, "योगी सरकार अपना 'पाप' छिपाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करा रही है।" 

प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर तंज किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए ट्वीट किया, ‘उप्र कांग्रेस के प्रिय सिपाहियों, आप खेती - किसानी की दुर्दशा उजागर करने और गौवंश के साथ हो रहे अनाचार का पर्दाफाश करने के लिए पदयात्रा निकाल रहे हैं। आप गाय बचाओ – किसान बचाओ का नारा बुलंद कर रहे हैं। दुनिया की कोई भी शक्ति आपको किसान हित का सवाल उठाने से रोक नहीं सकती।‘

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.