मोहित बेनीवाल का प्रोमोशन, मिली बड़ी जिम्मेदारी

यूपी भाजपा में फेरबदल : मोहित बेनीवाल का प्रोमोशन, मिली बड़ी जिम्मेदारी

मोहित बेनीवाल का प्रोमोशन, मिली बड़ी जिम्मेदारी

Tricity Today | मोहित बेनीवाल

Meerut News : लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) की तैयारी में जुटी उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने शनिवार की देर शाम बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अपनी नए सिरे से कार्यकारिणी घोषित की है। सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष बदल दिए हैं। वेस्ट यूपी बीजेपी के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को पदोन्नति मिली है। उन्हें यूपी भाजपा की नई कार्यकारिणी में बतौर प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि मोहित बेनीवाल मूल रूप से शामली जिले के निवासी हैं।

मोहित बेनीवाल के नेतृत्व में बीजेपी ने किया अच्छा प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी ने मोहित बेनीवाल को करीब 4 साल पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी थी। उनके नेतृत्व में लोक सभा, विधान सभा, विधान परिषद और पंचायत चुनाव हुए। इसी दौरान रामपुर जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में भाजपा ने लोकसभा उपचुनाव और विधान परिषद चुनाव में शानदार कामयाबी हासिल की। मोहित बेनीवाल का स्ट्राइक रेट शानदार रहा। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले किसान आंदोलन चल रहे थे। पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसानों को भारतीय जनता पार्टी से नाराज बताया जा रहा था। इसमें खासतौर से जाट समुदाय शामिल था। इसके बावजूद भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया। मोहित बेनीवाल ने वेस्ट यूपी में पार्टी के संगठन को मजबूती दी। अब तक बनाए गए क्षेत्रीय अध्यक्षों में वह सबसे कम उम्र के रहे।

बीजेपी का युवा और पढ़ा लिखा चेहरा
भारतीय जनता पार्टी में मोहित बेनीवाल की पहचान युवा और पढ़े-लिखे नेता के रूप में होती है। मोहित ने दिल्ली आईआईटी से बीटेक किया है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा में लंबे अरसे तक काम किया। फिर उन्हें भाजपा की क्षेत्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई। पिछली बार मोहित को क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सबसे कम उम्र होने के बावजूद वह सामंजस्य बनाने में कामयाब रहे। अब मोहित बेनीवाल को पदोन्नत करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब वह उत्तर प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी में भी सबसे कम उम्र वाले पदाधिकारियों में शामिल हो गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.