तीन दिन के दौरे पर शुक्रवार को यूपी आएंगे राजनाथ सिंह, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति

बड़ी खबरः तीन दिन के दौरे पर शुक्रवार को यूपी आएंगे राजनाथ सिंह, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति

तीन दिन के दौरे पर शुक्रवार को यूपी आएंगे राजनाथ सिंह, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति

Google Image | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह शुक्रवार से अपने तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आएंगे। सबसे पहले वह शुक्रवार को दिल्ली से कानपुर पहुंचेंगे। जहां एयरपोर्ट के अफसरों के साथ अहम बैठक करेंगे। इसमें कानपुर के प्रशासनिक अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह शाम को लखनऊ पहुंचेंगे। दरअसल रक्षा मंत्री 3 जुलाई को लखनऊ में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। अगले दिन 4 जुलाई को वह दौरा समाप्त नई दिल्ली वापस लौटेंगे। 

दरअसल उत्तर प्रदेश में 3 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने हैं। मतदान सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा और शाम 3:00 बजे तक चलेगा। उसके बाद उसी दिन शाम तक मतगणना कर विजेताओं की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि रक्षा मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को ध्यान में रखकर ही राज्य का दौरा कर रहे हैं। चुनाव वाले दिन वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहेंगे। इससे भारतीय जनता पार्टी को बल मिलेगा। 

21 सीटों पर भाजपा का कब्जा
दरअसल राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेताओं में शामिल हैं। वह सूबे के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उनका खासा प्रभुत्व है। यूपी वेस्ट में भी लोग उनको पसंद करते हैं। पार्टी इसका फायदा उठाने की रणनीति पर काम कर रही है। उनके प्रभाव से चुनाव वाले 53 जनपदों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलेगी। अब तक प्रदेश के 22 जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इसमें से 21 पर भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिली है। जबकि इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को निर्विरोध चुना गया है।
 
53 जनपदोंं में होगा चुनाव
अब यूपी के 53 जिलों में मतदान होने हैं। समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी अपने उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही हैं। सारे समीकरण साधे जा रहे हैं। कांग्रेस ने सिर्फ रायबरेली में अपना उम्मीदवार उतारा है। जबकि बहुजन समाज पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से अलग-थलग है। पार्टी की प्रमुख मायावती ने कहा था कि जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सत्ता का होता है। जिसकी सरकार होगी, अध्यक्ष उसके होंगे। इसमें उलझकर बसपा अपना समय और ऊर्जा बर्बाद नहीं करेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.