आगरा में ब्रह्मकुमारीज आश्रम में सगी बहनों ने की आत्महत्या

Agra News : आगरा में ब्रह्मकुमारीज आश्रम में सगी बहनों ने की आत्महत्या

आगरा में ब्रह्मकुमारीज आश्रम में सगी बहनों ने की आत्महत्या

Google Image | Symbolic

  • - गले पर फंदा कसने से पहले आश्रम के वाट्सएप ग्रुप पर भेजा सुसाइड नोट
  • - पुलिस और स्वजनों के पहुंचने पर फंदे पर लटके मिले शव, आश्रम के कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप
Agra News : जगनेर में शुक्रवार रात ब्रह्मकुमारीज आश्रम में दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले दोनों ने सुसाइड नोट आश्रम के ग्रुप में भेजे थे। इसे देखकर स्वजन आनन-फानन में आश्रम पहुंचे। वहां दोनों बहनों के शव पंखों के हुक से साड़ी के फंदे पर लटके मिले। बहनों ने सुसाइड नोट में आश्रम के चार कर्मचारियों को अपनी मृत्यु का जिम्मेदार ठहराया है। उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

जगनेर कस्बे की रहने वाली 37 वर्षीय एकता और उनकी छोटी बहन 34 वर्षीय शिखा वर्ष 2005 में ब्रह्मकुमारीज आश्रम से जुड़ी थीं। चार वर्ष पहले जगनेर में बसई रोड पर ब्रह्मकुमारीज आश्रम बनने के बाद वहां रहने लगीं थीं। आश्रम में एक अन्य युवती भी रहती है। एकता के भाई सोनू ने बताया कि शुक्रवार रात 11.18 बजे उनके वाट्सएप पर रूपवास ब्रह्मकुमारीज आश्रम की बहन ने सुसाइड नोट भेजा। फोन करके जानकारी दी। इस पर वह भागकर घर से 13 किलोमीटर दूर आश्रम पहुंचे। यहां दोनों बहनों को फंदे से लटका पाया। जानकारी मिलने पर डीसीपी सोनम कुमार मौके पर पहुंच गए। भाई सोनू ने पुलिस को बताया कि वह दो दिन पहले आश्रम में बहनों से मिलने आए थे। उस समय उनकी बातचीत से ऐसा कुछ नहीं लगा कि वह इस तरह का कोई कदम उठा सकती हैं। डीसीपी ने बताया एकता और शिखा ने सुसाइड नोट में कुछ आश्रम के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट और स्वजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आगरा जोनल आफिस में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका, न ही जगनेर सेंटर पर किसी ने फोन उठाया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.