महिला ने दरोगा पर लगाया दुराचार और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

उत्तर प्रदेश : महिला ने दरोगा पर लगाया दुराचार और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

महिला ने दरोगा पर लगाया दुराचार और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

शाहजहांपुर जिले में एक महिला ने एक दारोगा पर अश्लील वीडियो बनाने और दुराचार करने का आरोप लगाया है। महिला और दारोगा के बीच पहले से ही कानूनी मामला चल रहा है। मामला जलालाबाद में तैनात दरोगा सुनील शर्मा से जुड़ा है। महिला की शिकायत के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक ने दारोगा के खिलाफ जांच शुरू करा दी है। पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने शनिवार को मीडिया को इस बारे में जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि थाना जलालाबाद में तैनात दरोगा सुनील शर्मा पर एक महिला ने आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि वह मुकदमे की तारीख पर शाहजहांपुर से वापस कलान जाने के लिए जलालाबाद से एक ऑटो में बैठी थी पर ऑटो चालक ने कलान जाने से मना करते हुए उसे एक सुनसान जगह पर उतार दिया। 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसके बाद दारोगा सुनील शर्मा वहां पहुंच गए। उन्होंने महिला को मुकदमे  में पैरवी नहीं करने की धमकी दी। दारोगा ने उसे अपनी कार में जबरन डालकर सुनसान जगह ले गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसके बाद दारोगा ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ डालकर पिलाया। इसके बाद उसने महिला के साथ दुराचार किया तथा उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। 

बदायूं जिले की रहने वाली इस महिला ने पिछले 2 सितंबर को दारोगा के खिलाफ दुराचार का एक मामला दर्ज कराया था। उस वक्त सुनील शर्मा कलान थाने  के एसएचओ थे। महिला ने शर्मा पर आरोप लगाया था कि उन दोनों पति-पत्नी के बीच दहेज की वजह से विवाद चल रहा है। महिला इसी मामले के सिलसिले में एसएचओ के संपर्क में आई थी।

आरोप है कि दारोगा ने महिला के साथ नजदीकियां बढ़ाई और उसके बाद दुराचार किया था। मामले का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के पश्चात दारोगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। परंतु बदायूं पुलिस ने अपनी जांच में मामले को खत्म करते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। पीड़ित महिला 8 जनवरी को इसी मामले में विरोध दर्ज कराने शाहजहांपुर न्यायालय आई थी। यहां से लौटते वक्त दारोगा ने दुराचार किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी दारोगा का गैर जनपद स्थानांतरण करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। पीड़िता के आरोपों की भी जांच दूसरे जिले की पुलिस से कराई जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.