डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा- गलतफहमी में है भाजपा

संभल में केशव प्रसाद के बयान पर सपा सांसद का पलटवार : डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा- गलतफहमी में है भाजपा

डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा- गलतफहमी में है भाजपा

Google Image | डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने

Sambhal News : इंडिया गठबंधन को उत्तर प्रदेश में एक भी सीट न मिलने के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर संभल से सपा के सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने करारा हमला बोला है। सांसद ने कहा कि यह तो समय बताएगा कि गठबंधन शून्य पर रहता है या भाजपा ही शून्य पर सिमट जाएगी। 

भाजपा वाले अपने मन की बोलते हैं
अपने आवास पर गुरुवार की रात बातचीत में उन्होंने कहा कि मुझे अल्लाह पर भरोसा है। उन्हीं के भरोसे पर यह कह रहा हूं कि भाजपा को यूपी में सीट नहीं मिलेगी। इंडिया को कम आंकना भाजपा के लिए सबसे बड़ी गलती होने वाली है। यह तो बिल्कुल वैसी ही बात हो गई है कि जैसे दिन को रात कह दिया। अरे ऐसा नहीं होने वाला है। ये भाजपा वाले अपने मन की सोचते हैं और बोलते हैं। विपक्ष ने यदि संगठन बनाया है तो इसका वजूद ही नहीं है क्या, भाजपा से चार गुना बड़ा संगठन है। यह देखिएगा, समय बताएगा। यदि डिप्टी सीएम बोल रहे हैं कि गठबंधन को एक भी सीट नहीं मिलेगी तो यह बात ही हास्यास्पद है। मैं कह रहा हूं उन्हें सीट नहीं मिलेगी। 

इंडिया को सभी पसंद कर रहे हैं
सांसद ने कहा कि इस समय का हाल है कि इंडिया को सभी पसंद कर रहे हैं। मुसलमान भी पसंद कर रहा है। हिंदू भी पसंद कर रहा है। भाजपा के कारनामे सबके सामने हैं। देश के हालात ऐसे हैं कि जनता केंद्र सरकार को बदलना चाहती है। आम आदमी व गरीब की सरकार देश की जनता चाहती है। नौ साल में क्या किया है भाजपा ने। आज देश के अंदर कोई सुधार नहीं आया है। मैं भी चाहता हूं कि देश आगे बढ़े। देश को हिंदू या मुसलमान या ईसाई कोई भी चलाए, लेकिन काम दिखना चाहिए। मुल्क के लिए हमें एकजुट होकर काम करना चाहिए। एक दूसरे को बाटेंगे तो मुल्क का नुकसान होगा। यह फैसला भी 2024 का चुनाव कर देगा। हमें कोई सीट नहीं मिलेगी या भाजपा को कोई नहीं मिलेगी। अल्लाह के भरोसे पर कह रहा हूं कि उन्हें सीटें आनी मुश्किल पड़ जाएंगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.