तेजा गुर्जर पश्चिम यूपी भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बने, मेरठ की वर्षा कौशिक को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी

BIG BREAKING : तेजा गुर्जर पश्चिम यूपी भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बने, मेरठ की वर्षा कौशिक को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी

तेजा गुर्जर पश्चिम यूपी भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बने, मेरठ की वर्षा कौशिक को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी

Tricity Today | तेजा गुर्जर

भारतीय जनता पार्टी वेस्ट यूपी के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने मंगलवार को बड़ी घोषणा की है। मोहित बेनीवाल ने गौतमबुद्ध नगर भाजपा के वरिष्ठ नेता तेजा गुर्जर को किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। महिला मोर्चा की जिम्मेदारी मेरठ की वरिष्ठ नेत्री वर्षा कौशिक को सौंपी गई है। इनके अलावा युवा मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी गई।

वेस्ट यूपी भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के निवासी और पार्टी के पुराने नेता तेजा गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मेरठ महानगर की रहने वाली वरिष्ठ महिला कार्यकर्ता वर्षा कौशिक को पश्चिम क्षेत्र के महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वेस्ट यूपी भाजपा युवा मोर्चा की जिम्मेदारी मुजफ्फरनगर के रहने वाले सुखविंदर सोम को दी गई है। मेरठ के ही रहने वाले हरवीर पाल पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।

मोहित बेनीवाल ने बताया कि अनुसूचित मोर्चा के वेस्ट यूपी अध्यक्ष हंसराज जाटव उर्फ पप्पू बनाए गए हैं। पप्पू मुरादाबाद मंडल में रामपुर जिले के रहने वाले हैं। मेरठ के ही रहने वाले जावेद मलिक को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सभी 6 मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्ति मंगलवार को की गई है। अगले 2 सप्ताह में अपनी-अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे।

क्षेत्र और बिरादरी का समीकरण दुरुस्त किया गया
मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त करने में मोहित बेनीवाल ने क्षेत्र और जातियों का समीकरण बैठाया है। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी गौतमबुद्ध नगर में तेजा गुर्जर को देकर गुर्जर बिरादरी को साधा गया है। मेरठ महानगर और जिले को इन नियुक्तियों में अच्छी खासी तरजीह मिली है। महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा मेरठ के हिस्से में आए हैं। महिला मोर्चा की जिम्मेदारी ब्राह्मण समाज से आने वाली वर्षा कोशिक को सौंपी गई है। पिछड़ा मोर्चा की जिम्मेदारी हरवीर पाल को देकर गडरिया बिरादरी जैसी पिछड़ी जातियों को साधने का प्रयास किया गया है। मुरादाबाद मंडल के खाते में अनुसूचित मोर्चा गया है। 

बड़ी बात यह है कि मोहित बेनीवाल ने जाटव समाज पर भरोसा जताते हुए हंसराज जाटव को यह जिम्मेदारी दी है। युवा मोर्चा सहारनपुर मंडल के हिस्से में आया है। मुजफ्फरनगर से सुखविंदर सोम ठाकुर जाति से आते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.